अन्ता विधानसभा क्षेत्र के सीसवाली-समसपुर-बारां मार्ग का मामला
बारां. सार्वजनिक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों की उदासीनता से जिले में विभिन्न निर्माण कार्य लडखड़़ाते हुए चल रहे है। स्टेट हाइवे 37 बारां-समसपुर-सीसवाली तक के करीब 35 किमी सडक़ बनाने में करीब 2 वर्ष का समय लग गया। इतने समय में तो फ्लाई ओवरब्रिज, रेलवे ओवर ब्रिज और कई किमी हाइवे बन जाते है। कई गांव, कस्बों से तो सिक्स लेन और 8 लेन नेशनल हाइवे निकल गया। लेकिन जिले में सबसे चर्चित अन्ता विधानसभा के सीसवाली कस्बा समेत क्षेत्र के रायथल, बलदेवपुरा, सीमली, आंकेड़ी, समसपुर व आसपास के कई गांव-ढाणी को जिला मुख्यालय से जोडऩे वाले स्टेट हाईवे 37 की 35 किमी सडक़ का छोटा सा टूकड़ा नहीं बना। इसी से जिले में सार्वजनिक निर्माण विभाग की सरकार और जनता के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
22 में काम स्वीकृत, 25 में भी है अधूरा
सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से बजट घोषणा 2022-23 के तहत सीसवाली-बारां तक की करीब 35 किमी लम्बी और 7 मीटर चौड़ी सडक़ निर्माण की घोषणा की गइ्र थी। इसके लिए करीब 72 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। इसमें से करीब 56 करोड़़ की लागत से सिविल वर्क होना है। स्वीकृति आदेशों के तहत नवंबर 2023 में कार्य पूर्ण किया जाना था। अब एक माह बाद नवंबर 2025 आ जाएगा लेकिन अब तक अधूरा पड़ा है। क्षेत्र के हजारों लोग इससे प्रभावित है और खासे परेशान भी है।
हो रही वाहनों को क्षति
सीमली निवासी नारायण नागर का कहना है कि यह सडक़ सीसवाली से रायथल, बलदेवपुरा, सीमली, आंकेड़ी व समसपुर होते हुए बारां-मांगरोल मेगा हाइवे को जोड़ती है। इससे क्षेत्र के लोगों की बारां जिला मुख्यालय तक की राह आसान होगी। इस मार्ग से क्षेत्र के किसानों को मंडी में जिंस बेचान करने और अन्य कृषि समेत जिला मुख्यालय स्तर के सरकारी व निजी कार्यो से आना-जाना रहता है। सडक़ अधूरी पड़ी होने ओर खराब होने से वाहनों का मेंटिनेंस बढ़ रहा है। ट्रॉली व कार के टायर पंचर और टूटफूट हो रही है। विधानसभा चुनाव के पहले से काम बंद पड़ा है।
बारां डिवीजन के करीब 10 किमी क्षेत्र में काम बंद है। ठेकेदार की ओर से पहले मांगरोल डिविजन क्षेत्र में काम किया। इससे देरी हो गई, फिर बारिश के चलते काम बंद करना पड़ा। अब जल्दी ही काम शुरू किया जाएगा।
बीएल महावर, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग बारां
मांगरोल डिवीजन क्षेत्र में करीब 1.25 किमी में डामर रोड व करीब 1 किमी में सीसी रोड बकाया है। इसे दीपावली तक पूरा कर लिया जाएगा। शेष क्षेत्र बलदेवपुरा रपट से समसपुर तक बारां डिवीजन में है।
नितेश मीणा, कार्यवाहक एईएन, सीसवाली, मांगरोल डिवीजन
Published on:
15 Sept 2025 10:53 pm