
भुज. कच्छ की सड़कों की खस्ता हालत के खिलाफ विभिन्न ट्रांसपोर्ट संघों की ओर से शुरू की गई नो रोड, नो टोल -हड़ताल रंग लाई है। 26 घंटे बाद हुई बैठक में लिए गए निर्णय के तहत अब 15 सितंबर तक टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। इस दौरान तीन दिनों में गड्ढे भरे जाएंगे, 11 दिनों में सड़कों की मरम्मत करने का आश्वासन दिया गया है।
कच्छ के विभिन्न ट्रांसपोर्टर संघों की ओर से खस्ता हाल सड़कों व गड्ढों को लेकर शुक्रवार को सामखियाली के पास रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। ट्रांसपोर्टरों ने लगातार 26 घंटे तक कच्छ के सामखियाली टोल प्लाजा के पास जिले के सभी खराब राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इसके बाद, शनिवार सुबह विभिन्न अधिकारियों और पदाधिकारियों की एक बैठक में कच्छ के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चार टोल प्लाजा को सोमवार रात 15 सितंबर तक टोल मुक्त करने का निर्णय लिया गया। तीन दिनों में गड्ढों को भरने का काम किया जाएगा। साथ ही अगले 11 दिनों में बड़े गड्ढों को भरने और आवश्यकतानुसार सड़कों की मरम्मत करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के बाद, ट्रांसपोर्ट संघों की हड़ताल वापस ले ली गई और वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।
रत्नाल ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष राजेश छांगा ने बताया कि शनिवार सुबह हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद लिए गए निर्णय के अनुसार, जिले के चार टोल प्लाजा सोमवार रात 12 बजे तक टोल मुक्त रहेंगे। इस दौरान किसी भी वाहन चालक से कोई राशि नहीं वसूली जाएगी। इसके अलावा, 11 दिनों में छोटे-बड़े गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी।
जिला कलक्टर आनंद पटेल, पुलिस अधीक्षक सागर बागमार और एनएचएआई के अधिकारी के साथ मांंगों पर शुक्रवार मध्यरात्रि को चर्चा हुई। इस दौरान शनिवार सुबह 10 बजे तक का समय मांगा गया ताकि दिल्ली से अनुमति मिल सके। इसके बाद शनिवार सुबह की बैठक में 15 सितंबर तक टोल टैक्स नहीं वसूलने, गड्ढों को भरने, सड़क मरम्मत निर्णय लिया गया।
कंडला डंपर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवा आहीर ने बताया कि इस निर्णय के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है और वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। गौरतलब है कि हड़ताल के कारण टोल नाके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। यात्रियों के साथ ही वाहन चालकों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
Published on:
13 Sept 2025 10:47 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
