
समुद्र की गहराइयों में कई ऐसे जीव रहते हैं, जो पलक-झपकते ही हमें मौत की नींद सुला सकते हैं। ब्रिटेन में ऐसे ही एक जीव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वेल्स के पोर्ट टैबलेट शह में रहने वाले लोग इस चेतावनी से दहशत में आ गए हैं। दरअसल पोर्ट टैबलेट के समुद्र तट पर दुनिया की सबसे खतरनाक जेलीफिश देखी गई है, जिसका एक डंक मौत की वजह बन सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि समुद्र तट पर जाते समय सावधानी बरतें। पोर्ट टैबलेट कोस्टगार्ड ने एक बयान में कहा है कि शहर के सबसे प्रसिद्ध बीच एबरवॉन पर पुर्तगाली मैन ओ'वॉरको देखा गया है। इसे फ्लोटिंग टेरर यानी कि पानी पर तैरता आतंक भी कहा जाता है। पुर्तगाली मैन ओ'वॉर वास्तव में एक समुद्री जीव है, जो देखने में जेलीफिश जैसा लगता है। इसके चलते अक्सर इसे जेलीफिश मान लिया जाता है।
पारदर्शी और गुब्बारे जैसी बॉडी के चलते पुर्तगाली मैन ओ'वॉर देखने में आकर्षक लगता है, लेकिन यह बेहद खतरनाक है। इसके विषैले टेंटकल जोरदार डंक मारते हैं, जिससे त्वचा पर लाल दाने, छाले, बुखार के साथ-साथ दिल एवं फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। वैसे इसके डंक से मौत के मामले कम ही सुनने में आते हैं, लेकिन जहरीले डंक से होने वाली एलर्जी या दिल से जुड़ी समस्याएं कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
पोर्ट टैबलेट कोस्टगार्ड का कहना है कि मरने के बाद भी इस समुद्री जीव के टेंटकल डंक मारने में सक्षम रहते हैं। ऐसे में खतरा लगातार बना रहता है। ऐसे में एबरवॉन बीच जाने वाले सभी लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कोस्टगार्ड ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि इन जीवों को छूने से बचें, भले ही वो मृत दिखाई दें। क्योंकि मरने के बाद भी ये डंक मार सकते हैं। यदि आपको डंक लग जाता है तो समुद्री पानी से प्रभावित अंग को धोएं और क्रेडिट कार्ड या उसकी जैसी किसी चीज से टेंटकल को सावधानीपूर्वक निकाल दें। ऐसे मामलों में तुरंत डॉक्टर के पास जाने की सलाह भी दी जाती है।
एबरवॉन बीच पर पुर्तगाली मैन ओ'वॉर पानी के साथ बहकर आए हैं। पोर्ट टैबलेट कोस्टगार्ड का कहना है कि इन जीवों को समुद्र तट से हटाया नहीं जाएगा, क्योंकि यह जोखिमभरा हो सकता है। ऐसे में इस बात का इंतज़ार किया जा रहा है कि समुद्र की लहरें इन्हें वापस पानी में खींचकर ले जाएं।
पुर्तगाली मैन ओ'वॉर वास्तव में सिफोनोफोर यानी विशेषीकृत जीवों का एक समूह है, जो एकसाथ काम करता है। अपनी बनावट के चलते इसे अक्सर जेलीफिश समझ लिया जाता है। यह समुद्री जीव अपने घातक एवं जहरीले डंक के लिए मशहूर है। इसके शिकारी टेंटकल 30 फीट तक फैल सकते हैं। यह एक मांसाहारी जीव है, जो अपने जहर से छोटी मछलियों और झींगों को पैरालाइज कर देता है और इसके बाद उन्हें निगल जाता है।
Updated on:
03 Nov 2025 03:36 pm
Published on:
03 Nov 2025 03:26 pm

