
Unnao Road Accident उन्नाव में कार्तिक पूर्णिमा के दिन दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दो भाईयों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे को उपचार के लिए कानपुर हैलेट रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान तीसरे भाई की भी मौत हो गई। तीनों सगे भाईयों की उम्र 17 से 26 साल के बीच है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रो का बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दो की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में और एक की हैलेट कानपुर में मृत्यु हुई है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना बिहार थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत रायबरेली-लालगंज हाईवे पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया। जब बाइक में डीएपी खाद लदी महिंद्रा पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना के समय बाइक में सचिन (19), अरुण लोधी (26) और छोटू लोधी (17) पुत्रगण रघुनाथ निवासी बखत खेड़ा मौरावां बैठे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरुण करीब 8 फीट दूर जाकर गिरा, जबकि सचिन और छोटू को पिकअप ने रौंद दिया।
दुर्घटना के समय अरुण के साथ कई अन्य साथी भी थे। जो चंद्रिका देवी बक्सर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। उन्होंने घटना की जानकारी घर और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस के माध्यम से सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां सचिन और छोटू को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अरुण को हैलेट रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
तीन भाइयों की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां-बहनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पिता रघुनाथ की पहले ही मौत हो चुकी थी। अरुण की शादी 8 महीने पहले क्षमा के साथ हुई थी, जो 7 महीने की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनते ही वह भी बेहोश हो गई। गांव में मातम छाया है। बिहार थाना पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी बीघापुर ने बताया कि बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर मोटरसाइकिल और महिंद्रा पिकअप में टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सुमेरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर दो भाइयों को मृत घोषित कर दिया गया। तीसरे की गंभीर हालत को देखते हुए हैलेट रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
05 Nov 2025 06:06 pm

