Bisalpur Dam Overflow: जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर डेम इस साल एक और रिकॉर्ड बनाने वाला है। इस साल मानसून में डेम में पानी की शुरू हुई बंपर आवक मानसून विदा होने के बाद तक जारी है। वहीं बीसलपुर डेम इस साल अब तक दूसरी बार सर्वाधिक दिनों तक छलकने का रिकॉर्ड बनाने के बाद अब सबसे ज्यादा दिनों तक छलकने के रिकॉर्ड से डेम महज 4 दिन दूर है।
बीसलपुर डेम निर्माण के बाद से लेकर अब तक 8 बार छलका है। वर्ष 2019 में डेम सबसे ज्यादा दिनों तक छलका और डेम के 17 गेट 64 दिनों तक खोलकर पानी की निकासी की गई। इस साल बीसलपुर डेम के 24 जुलाई को गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू हुई जो अब तक जारी है। हालांकि मानसून के मध्य में डेम में पानी की आवक में कमी आई और डेम के खुले गेटों की संख्या भी घटा दी गई। लेकिन मानसून विदाई से पहले फेज में डेम में एकाएक पानी की आवक तेज होने पर डेम के छह गेट तक खोलने पड़े।
बीते रविवार तक बीसलपुर डेम के गेट संख्या 9 और 11 एक- एक मीटर तक खोलकर 12020 क्यूसेक पानी की निकासी लगातार बनास नहर में की जा रही है। त्रिवेणी में पानी का बहाव अब भी तेजी से बना हुआ है जिसके चलते आगामी दिनों में डेम के कुछ और गेट खोले जाने की संभावना जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जताई है।
बीसलपुर बांध से पानी की निकासी सोमवार को 60वें दिन भी जारी रही। मानसून के इस सीजन में बांध से अब तक 117 टीएमसी पानी छोड़ा जा चुका है। जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों का कहना है कि मानसून का तीसरे चरण सक्रिय रहने से त्रिवेणी में पानी की बहाव बना हुआ है। इंजीनियरों के अनुसार फिलहाल बांध के 2 गेट खोल कर पानी की निकासी जारी रखी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी एक सप्ताह तक बांध में पानी की आवक बनी रहने की संभावना है।
वर्ष | गेट खोले | गेट बंद किए | कुल इतने दिन खुले गेट | खुले गेटों की संख्या |
2004 | 11.08.2004 | 2.09.2004 | 23 | 04 |
2006 | 19.08.2006 | 8.9.2006 | 21 | 06 |
2014 | 11.08.2014 | 26.09.2014 | 47 | 04 |
2016 | 09.08.2016 | 22.09.2016 | 45 | 08 |
2019 | 19.08.2019 | 21.10.2019 | 64 | 17 |
2022 | 26.08.2022 | 04.10.2022 | 40 | 04 |
2024 | 06.09.2024 | 09.10.24 | 34 | 06 |
2025 | 24.07.25 | -- | -- | 06 |
Updated on:
22 Sept 2025 02:03 pm
Published on:
22 Sept 2025 01:57 pm