Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

Big news: रफ्तार का कहर, मंदिर से दर्शन कर लौट रहे दंपति की दर्दनाक मौत

तीन दिनों में तीसरा बड़ा हादसा, एक दिन पहले भी दंपति ने तोड़ा था दम

Oplus_131072

सिवनी. जिले में बीते तीन दिनों से दर्दनाक सडक़ हादसे हो रहे हैं। शनिवार को छपारा थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे-44 पर एक बार तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दंपति बंजारी माता मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे। मंदिर से कुछ ही कदम की दूरी पर यह घटना हुई। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गणेशगंज के भैंसनवाही गांव निवासी सुखराम पिता मंगल कुमरे(38) और सुकराती पति सुखराम कुमरे(33) सिवनी से अपनी बाइक से शनिवार को भैंसनवाही ग्राम के लिए निकले थे। उन्होंने घाटी में स्थित बंजारी माता मंदिर का दर्शन किया। इसके बाद वे मंदिर से कुछ ही कदम आगे बढ़े की पीछे से आ रही कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपति को छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिवार को जैसे ही जानकारी मिली वह छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बंजारी घाटी में लगातार तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत बोर्ड एवं प्रकाश की कमी के कारण आए दिन सडक़ हादसे हो रहे हैं।

एक दिन पहले भी हादसे में दंपति ने गंवाई थी जान
शुक्रवार को लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम संगई और ग्राम जैतपुरकलां के बीच दर्दनाक सडक़ हादसा में दंपति की मौत हो गई थी। जबकि उनकी 5 वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक फागलाल अपनी पत्नी जगतीबाई बाइक से ग्राम मढ़ई में आयोजित गंगापूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ नातिन कुमारी कोसवी पिता अतुल मरकाम (5) भी थी। शुक्रवार दोपहर वे ग्राम संगई और ग्राम जैतपुरकलां के बीच सडक़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रिक ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक फागलाल एवं पत्नी जगतीबाई के उपर से चढ़ता हुआ आगे निकल गया। जिसे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। नातिन की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वहीं शुक्रवार को ही केवलारी थाना क्षेत्र ग्राम बंदेली के पास सडक़ हादसे में बंदेली निवासी नरेश उइके (20) की मौत हो गई। जबकि संध्या बाई एवं रोहित भलावी को रेफर किया गया है। 5 नवंबर की रात में कुरई थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-44 पर खवासा टोल प्लाजा से लगभग एक किमी दूर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में पचधार निवासी सुमित पोंडे(18) की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली उन्होंने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया था।