mp news: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा (CM Tirath Darshan Yatra) के लिए ब्यावरा से कामाख्या देवी जाने वाली स्पेशल ट्रेन से जिले के 179 यात्री जाएंगे। सोमवार को रवाना होने वाली इस ट्रेन के लिए करीब महीनेभर पहले से ही दो हजार से अधिक आवेदन आए, जिनमें से आवेदकों का चयन हुआ। इस सूची में विधायक की पत्नी और आयकर चुकाने वाले भाजपा नेता के नाम आने से बखेड़ा खड़ा हो गया।
इसमें खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी (bjp mla hajarilal dangi) की दोनों पत्नियों के नाम है। साथ ही जीरापुर की ही एक भाजपा नेत्री का भी नाम है। कहने को प्रशासन ने यह नियमानुसार और रेडमली चयन किया है लेकिन आयकर चुकाने वाले प्रभावी लोगों के नाम सामने आने से पूरी चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूरी तरह से सक्षम होने के बावजूद इस सूची में प्रभावशाली लोगों ने अपना नाम जुड़वाया और कामाख्या जाने के लिए पंजीयन करवाया है।
यह गड़बड़ी पता चलते ही जिला कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और सवाल खड़े किए है। कांग्रेस का आरोप है कि बकायदा इन 179 यात्रियों की सूची का अनुमोदन मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के नोडल अधिकारी और संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्रसिंह दांगी ने किया और इसके बाद खुद कलेक्टर ने भी किया है।
जिसे लेकर अधिकारियों का तर्क है कि यात्री को अपना खुद का घोषणा पत्र भरना होता है, उसी के आधार पर चयन होता है। हालांकि अब सफाई के तौर पर अधिकारियों का कहना है कि विधायक की दोनों पत्नियों ने जाने से इनकार किया है। अब यह मामला जमकर ट्रोल हो रहा है। प्रशासन इसे लेकर खामोश है।
तीर्थयात्रा के लिए तैयार सूची में खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी की दो पत्नियों के नाम हैं। पहली ज्योत्सना दांगी निवासी जीरापुर और दूसरी पत्नी सरदारबाई दांगी निवासी काशीखेड़ी का नाम है। इसके अलावा जीरापुर की ही भाजपा नेत्री इंद्रा मूंदड़ा का नाम है। इनके अलावा ब्यावरा निवासी भाजपा जिला महामंत्री अमित शर्मा के माता-पिता का भी नाम है। वे खुद आयकरदाता हैं। उनका एक और भाई इंजीनियर है। सूची में बालकिशन शर्मा और उनके सहयोगी के तौर पर राधा शर्मा का नाम है। जिनका नाम जीरापुर में अच्छे सक्षम लोगों में आता है और उनके परिवार से आयकर रिटर्न भी किया जाता है।
जरूरमंदों के लिए है उसमें खिलचीपुर विधायक की दो पत्नियां और जीरापुर की भाजपा नेत्री का नाम है। हो सकता है ये लोग आयकरदाता नहीं हो? लेकिन प्रशासन ने किस आधार पर चयन किया है।- -प्रियव्रत सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष
कल ही एक इश्यू आया था, लेकिन मैंने उनसे बात की है. वे नहीं जा रहे हैं। ये रेंडमली चयन होता है। तहसीलों में आवेदन आते हैं, वहां से यहां सूची आती है, उसे रेंडम कर देते हैं। उनका नाम आया होगा, लेकिन उन्होंने कहा कि हम नहीं जाएंगे, उनकी जगह जो रिजर्व होंगे वे जाएंगे।- वीरेंद्र दांगी, संयुक्त कलेक्टर
मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है ना ही में गांव में रहता हूं कैसे क्या हुआ मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। - हजारीलाल दांगी, विधायक, खिलवीपुर
Published on:
15 Sept 2025 08:45 am