
Bihar Weather बिहार के मौसम में अब बदलाव दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है। नदी और तलाब किनारे रहने वाले लोगों ने अपने ठंड के कपड़े निकाल लिए हैं। प्रदेश के अन्य क्षेत्र में भी रहने वाले लोग भी अब सुबह और शाम में ठंड महसूस कर रहे हैं।
हालांकि दिन में सूरज के खिलने से मीठी धूप मिल रही है। इसकी वजह से मौसम सुहाना बना हुआ है। कोहरा की वजह से पूर्णिया, गया समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में मंगलवार विजिबिलिटी कम दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना सहित कई शहरों में सुबह के समय हल्के कोहरे व ठंड का प्रभाव बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार इस माह कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम है। हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा । इसकी वजह से तापमान में भी कभी हल्की गिरावट तो कभी मामूली बढ़ोतरी दर्ज होगी। बिहार में मंगलवर को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33°C मधुबनी में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9°C औरंगाबाद में दर्ज किया गया। बारिश को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि 15 नवंबर तक इसकी कोई संभावना नहीं बनते दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार 25 नवंबर के बाद मौसम का मिजाज बदलेगा। ठंड के दस्तक देने की संभावना है।
मौसम विभग के अनुसार अगले 3 दिनों के दौरान मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, दरभंगा, गोपालगंज सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 28°C से 32°C के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 18°C से 22°C के बीच रहने की संभावना है। पछुआ हवा की वजह से तापमान में 2-3°C की क्रमिक गिरावट आने की संभावना है।
Updated on:
05 Nov 2025 08:22 am
Published on:
05 Nov 2025 08:11 am

