
राजनीति मेें प्रतिनिधित्व दिया जाए
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के कानूनी उपाय अपनाने जरूरी हैं। सभी राजनीतिक दलों में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देना आवश्यक है। इसके लिए महिला आरक्षण देना, राजनीतिक शिक्षा और प्रशिक्षण देना आवश्यक है। - शिवजी लाल मीना, जयपुर
नेतृत्व के अवसर दिए जाएं
महिला मंचों का गठन करके राजनीति में सक्रिय महिलाएं अपना अनुभव साझा करें। राजनीति में आगे बढ़ने की रणनीति बनाएं। समाज में यह जागरूकता फैलाई जाए कि राजनीति केवल पुरुषों का क्षेत्र नहीं है। महिलाओं को भी नेतृत्व और निर्णय लेने में सक्षम समझा जाए। सभी राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में कम से कम 33% हिस्सेदारी महिलाओं को देनी चाहिए। निर्णय-निर्माण समितियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। - संदीप कटेवा, झुंझुनूं
पंचायत स्तर भागीदारी शुरू हो
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए शिक्षा, नेतृत्व, प्रशिक्षण और आर्थिक सशक्तीकरण आवश्यक है। राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में महिलाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। पंचायतों और स्थानीय निकायों में आरक्षण से उनकी भागीदारी को राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ाया जा सकता है। समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित कर, उन्हें निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर दिए जाएं। - संजय माकोड़े, बैतूल
नेतृत्व की प्रेरणा दी जाए
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें नेतृत्व करने और स्वतंत्र निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए। विभिन्न कार्यशालाओं के माध्यम से उनमे स्पष्ट और मजबूत संवाद करने का कौशल विकसित करना चाहिए। महिलाओं को स्वच्छ राजनीति में कदम रखने के लिए सहयोग करना चाहिए। हर मोहल्ले, गांव, ब्लॉक पर छोटे छोटे समूह बनाकर उन्हें नेतृत्व देना चाहिए। उनकी समस्याओं का समाधान करना और कार्ययोजना को धरातल पर जगह देना आवश्यक है। - कुमार जितेन्द्र जीत, मोकलसर
महिलाओं को समान अवसर दिए जाएं
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें समान अवसर दिया जाना आवश्यक हैं। राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में महिलाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। पंचायत से लेकर संसद तक आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। परिवार और समाज महिला नेतृत्व को स्वीकार कर उसे प्रोत्साहन दें। मीडिया और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं की राजनीतिक क्षमता को उजागर कर सकारात्मक वातावरण बनाया जा सकता है। - अमृतलाल मारू, इंदौर
स्थानीय महिलाओं को प्रोत्साहन मिले
राजनीति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित की जाएं। राजनीतिक दलों को उम्मीदवारों के चयन में महिलाओं को भी पर्याप्त अवसर प्रदान करने चाहिए। महिलाओं को सशक्त करने के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही स्थानीय महिला नेताओं को प्रोत्साहन और समर्थन देकर राजनीति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सकता है। - प्रकाश भगत, कुचामन सिटी
नेतृत्व क्षमता विकसित होनी चाहिए
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राजनीतिक दलों को जनसंख्या के उचित अनुपात में उन्हें प्रतिनिधित्व देना चाहिए। राजनीतिक महिला कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित हो। प्रमुख राजनीतिक दल महिलाओं को प्रोत्साहन दें। - ललित महालकरी, इंदौर
राजनीतिक आरक्षण बढ़ाया जाए
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण और नेतृत्व कौशल में प्रोत्साहित करना चाहिए। पंचायत से संसद तक महिलाओं के लिए आरक्षण बढ़ाया जाए। राजनीतिक दलों में समान अवसर मिलें। समाज में लैंगिक भेदभाव खत्म हो और परिवार उनका सहयोग करे, तभी भागीदारी मजबूत होगी। - योगिता वैष्णव, किशनगढ़
आरक्षण व्यवस्था मजबूत हो
महिलाओं को शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सशक्त बनाना चाहिए। महिला आरक्षण बिल का प्रभावी क्रियान्वय किया जाना चाहिए। स्थानीय निकायों जैसे पंचायत नगर निगम आदि में आरक्षण व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए। महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना बहुत जरूरी है, ताकि वे राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भाग ले सकें। राजनीति में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। - लहर सनाढ्य, उदयपुर
महिलाओं के प्रति सोच में हो बदलाव
जागरूकता अभियान चलाकर सामाजिक रूढ़िवादिता को कम किया जा सकता है, जिससे महिलाएं राजनीति में पहुंच बना सकें। राजनीतिक दल उन्हें पर्याप्त अवसर देकर ऐसा कर सकते हैं। महिला उम्मीदवार के जीतने पर घर का पुरुष सदस्य उस पर हावी रहता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। इस सोच को बदलकर ही महिलाओं की राजनीति में भूमिका बढ़ सकती है। - डॉ. अजिता शर्मा, उदयपुर
समाज महिला नेतृत्व स्वीकार करें
समाज महिला नेतृत्व को स्वीकार्यता देकर महिलाओं की राजनीति में भूमिका बढ़ा सकता है। जब तक महिलाएं अपने अधिकार प्राप्त करने के लिए मजबूत नहीं होंगी तब तक भागीदारी एक सपना ही रहेगा। महिलाओं की भागीदारी से संबंधित नियम, कानून और विधेयक सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, तभी परिवर्तन संभव है। जब भी चुनाव में महिला उम्मीदवार जीत जाए तो सरपंच पति, प्रधान पति जैसी अवधारणाएं टूटनी चाहिए। - गजेंद्र चौहान, डीग
राजनीति पर बोलने दिया जाए
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें घर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक चर्चा में शामिल किया जाए। राजनीतिक मुद्दों पर उनको बोलने के अवसर दिए जाएं। महिलाओं को बोलने को कहा जाएगा और उनकी बात को महत्त्व दिया जाएगा तो वे अपने आप राजनीति में आगे आएगीं। इन सबको करने से महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। - निर्मला वशिष्ठ, अलवर
परिवार का समर्थन प्राप्त हो
महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक भूमिका के प्रति जागरूकता का बीज सबसे पहले परिवार में बोया जाना चाहिए। समाज में जब महिलाओं को बराबरी का अवसर और समर्थन मिलता है, तो वही समर्थन आगे जाकर उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व में दिखाई देता है। राजनीतिक जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और नेतृत्व अवसर महिलाओं को सशक्त बनने में मदद करते हैं, जिससे वे नीति निर्माण तथा प्रशासनिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। - प्रीति गांधी, कोटा
राजनीतिक पदों पर अवसर प्राप्त हो
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राजनीतिक दलों में महिलाओं को जोड़ा जाना चाहिए। महिलाओं को राजनीतिक पदों की जिम्मेदारी देकर ऐसा किया जा सकता है। महिलाएं भी पुरुषों के समान हर कार्य में निपुण है और ये देश का भविष्य है l - आलोक वालिम्बे, बिलासपुर
आरक्षण नीति लागू हो
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए शिक्षा, नेतृत्व प्रशिक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक हैं। राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में समान अवसर देने के साथ-साथ आरक्षण नीति को प्रभावी रूप से लागू करना चाहिए। परिवार और समाज को भी महिलाओं को निर्णय लेने में प्रोत्साहित कर उनकी आवाज़ को राजनीति की मुख्यधारा तक पहुंचाना होगा। - डॉ. दीपिका झंवर, जयपुर
Published on:
12 Nov 2025 06:18 pm

