Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

मौसम फिर बदलेगा: 12, 13 और 14 सितंबर को इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Alert: मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में 12, 13 और 14 सितंबर के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

भारत

Himadri Joshi

Sep 12, 2025

Weather alert
आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट (प्रतिकात्मक तस्वीर)

पिछले करीब दो महीने से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। हालांकि कुछ दिन में बारिश की रफ्तार धीमी होने लगी थी, लेकिन अब एक बार फिर मौसम अपना रुख बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने पिछले 4-5 दिनों से कम हुई बारिश के एक बार फिर तेज होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है। 12, 13 और 14 सितंबर के दौरान देश के अलग अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते है आने वाले दिनों में देश के किस राज्य में भारी बारिश होगी।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलर्ट

राजस्थान में भी एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। राज्य में पिछले 3-4 दिनों से बारिश की रफ्तार एक दम धीमी पड़ गई है, लेकिन अनुमान है कि आने वाले दिनों में राज्य में एक बार फिर बारिश का कहर बरसेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए 17 सितंबर से एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के साथ साथ मध्य प्रदेश में भी आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य में एक साथ बारिश के कई सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके चलते 12, 13 और 14 सितंबर को कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है।

बिहार में फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून

बिहार राज्य में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में फिर से बारिश का कहर बरसने लगा है। आज उत्तर भारत और सीमांचल क्षेत्रों के 5 से 6 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूरे राज्य में ही आज बारिश होने की संभावना है जिसके चलते मौसम विभाग ने राज्य भर में यैलो अलर्ट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कि गिरावट हो सकती है। राज्य के कई हिस्सों में आज 30 से 40 किलोमिटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग भागों में भारी वर्षा की संभावना है।

महाराष्ट्र में 24 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के 23 जिलों में अगले 24 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें सबसे अधिक प्रभाव दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में देखने को मिलेगा। कोंकण और उत्तरी महाराष्ट्र के कई इलाकों में इस दौरान हल्के बादल रहने की संभावना है। मुंबई और आसपास के इलाकों में भी बादलों के साथ बारिश होने का अनुमान है।

उत्तराखंड के देहरादून सहित आठ जिलों में अलर्ट

उत्तराखंड के देहरादून सहित आठ जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसमें उत्तरकाशी समेत चमोली, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद के जिले शामिल है। भारी बारिश के साथ साथ राज्य में गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना भी बताई गई है। गुरुवार सुबह से ही राज्य में बादल छाए हुए है।

केरल में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की चेतावनी

केरल राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, आलाप्पुड़ा, कोल्लम, कोट्टयम, इडुक्की, पालक्काड़ और वायनाड के अलावा मलप्पुरम, कोड़िकोड और कन्नूर जैसे कई जिलों में 12, 13 और 14 सितंबर के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल में तीन दिनों तक बारिश का कहर

हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते पहले ही राज्य को भारी नुकासन उठाना पड़ गया है। यहां बारिश की चपेट में आने से अब तक करोड़ो की राज्य संपत्ति का नुकसान हो चुका है और सैकड़ो लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद अभी भी राज्य में बारिश का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में 12-14 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आज भी राज्य के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।