
नागौर. जल शक्ति अभियान के तहत भारत सरकार के केन्द्रीय नोडल अधिकारी, नीरज कुमार ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ जून 2025 में किए गए निरीक्षण के बाद के सभी कार्यों एवं स्थितियों की जानकारी ली। नोडल अधिकारी कुमार ने जिले में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक में जिला परिषद सीईओ रविंद्र कुमार ने मनरेगा योजना के तहत जल शक्ति अभियान में किए गए कार्यों की जानकारी दी, उन्होंने पीपीटी के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
नीरज कुमार ने बैठक के दौरान जिले में जल संरक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति, चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं पर गंभीरता से कार्य करने एवं हर स्तर के कार्य में प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जल शक्ति अभियान भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल संसाधनों के सतत उपयोग को बढ़ावा देना है, उन्होंने कहा कि जिले में जो कार्य पूर्व मानसून में किए गए हैं, उनकी मानसून उपरांत समीक्षा अति आवश्यक है, ताकि यह समझा जा सके कि इन उपायों का वास्तविक प्रभाव क्या रहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे प्रस्तावित कार्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करें और स्थायी जल संरक्षण संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित करें। कुमार ने अभियान को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक पौधरोपण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को और अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। अन्त में जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने आश्वस्त करते हुए कहा कि जल शक्ति अभियान के अन्तर्गत सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।
केन्द्रीय नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण
सोमवार को केन्द्रीय नोडल अधिकारी नीरज कुमार द्वारा ग्राम पंचायत गोगेलाव में गवाही तालाब में वृक्षारोपण एवं जल वितरण व्यवस्था का जायजा लिया जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए जल वितरण प्रणाली के संबंध में उन्होंने जनप्रतिनिधियों ,जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों के साथ ग्राम के मोहल्ले में घूम कर ग्राम वासियों से बातचीत की । ग्राम वासियों ने बताया कि अब सप्लाई में सुधार हुआ है। तत्पश्चात ग्राम पंचायत आलय में केंद्रीय दल द्वारा पूर्व दौर में सुझाए गए गवाई कुंवे को पूर्ण भरण के लिए अगोर बनाने का कार्य भी ग्राम पंचायत द्वारा शुरू किया गया था जिसमें आवश्यक सुधार के लिए सुझाव दिए गए। अलाय में पानी वितरण व्यवस्था हेतु ग्रामीणों से बात करने पर बताया गया कि हर तीसरे दिन पानी एक घंटे के लिए आता है जिसमें प्रेशर कम रहता है मौके पर ही एचडी के अधिकारियों को वितरण व्यवस्था सही करने हेतु निर्देश दिए गए ।उन्होंने श्रीबालाजी में भ्रमण के दौरान किया गहन निरीक्षण तत्पश्चात श्रीबालाजी में आम नागरिकों ने कुछ इलाकों में गत कई वर्षों से पानी सप्लाई की समस्या बताई। इस पर सीएनओ कुमार ने जिला प्रशासन व जल संसाधन से संबंधित अधिकारियों को इस समस्या का जल्द से जल्द निवारण करने की आवश्यकता बताई। केन्द्रीय नोडल अधिकारी नीरज कुमार (निदेशक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार) दूसरे दिन मंगलवार को मूण्डवा के ग्राम जनाणा व रूण व मेड़ता के ग्राम शिव के दौरे पर रहे। शिव में एफएचटीसी, और रूण में आरडब्ल्यूएसएस से संबंधित कार्यों की प्रगति देखी साथ ही केंद्रीय दल आसपास के स्थानों में भी संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया।
Published on:
28 Oct 2025 04:50 pm

