Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

Rain Alert: आ रहा महीने का पहला पश्चिमी विक्षोभ, इन राज्यों में होगी तूफानी बारिश, चेतावनी जारी

IMD Weather Update: एक नया पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। वहीँ, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे म्यांमार तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (LPA) एक्टिव है।

मुंबई

Dinesh Dubey

Nov 03, 2025

heavy rainfall alert
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन बारिश की चेतावनी जारी की (Photo: IANS)

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 4 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो पश्चिमी हिमालयी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इसके साथ ही पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर अगले 2-3 दिन में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में सौराष्ट्र-कच्छ, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, असम और मेघालय में कई जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि 4 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 3 और 4 नवंबर को राजस्थान, 4 और 5 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और 4 नवंबर को उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भी मौसम करवट लेगा। 4 से 6 नवंबर के बीच तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 5 से 7 नवंबर के दौरान तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी इसी तरह का मौसम रहेगा।

महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Update) में कोंकण, मराठवाड़ा और विदर्भ में बिजली गिरने और बौछारें पड़ने की संभावना है। आईएमडी (IMD) ने पूर्वानुमान में बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिन गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मुंबई और उसके आसपास के जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।

आईएमडी के अनुसार, मौसम में नमी बढ़ने से नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की बारिश जारी रह सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अभी भी महाराष्ट्र पर पड़ रहा है, जिससे दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ नमी लाने वाली हवाएं सक्रिय हैं। हालांकि, बारिश हल्की रहेगी।

कोंकण में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है। 3 नवंबर को मराठवाड़ा में, 5 नवंबर को कोंकण में, 2 और 5 नवंबर को मध्य महाराष्ट्र में बिजली गिरने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इस हफ्ते से बढ़ेगी ठंड

इस बीच, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम भारत और मध्य भारत में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली; उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और छत्तीसगढ़ में इस हफ्ते से ठंड का जोर बढ़ेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। महाराष्ट्र में भी पारा मंगलवार से अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है, जबकि विदर्भ में तापमान पांच डिग्री तक लुढ़कने के आसार हैं।