11 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

होम

icon

वीडियो

icon

प्लस

epaper_icon

ई-पेपर

icon

प्रोफाइल

शीतलहर के बीच 48 घंटे बाद मौसम लेगा करवट, IMD ने की बड़ी भविष्यवाणी

IMD Weather Alert: मौसम विभाग का अनुमान है कि महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में ठिठुरन और बढ़ेगी। कई जिलों में शनिवार तक शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी गई है।

2 min read
Google source verification
IMD Cold Alert

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरा बढ़ाएगी मुसीबत (Photo: IANS)

मौसम विभाग (IMD Weather Forecast) ने महाराष्ट्र में ठंड का जोर बढ़ने का अनुमान जताते हुए शनिवार 13 दिसंबर तक कई जिलों में शीतलहर चलने (Cold Wave) की चेतावनी दी है। जलगांव, पुणे, सोलापुर, नासिक, जलना और नागपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर तापमान में बड़ी गिरावट से ठिठुरन बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन शहर में अगले कुछ दिन ज्यादा ठंड पड़ सकती है।

मुंबई के रीजनल मौसम केंद्र (IMD Mumbai) ने कहा कि मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए 11 से 13 दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान अगले दो-तीन दिन 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

आईएमडी ने 12 दिसंबर के लिए जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, हिंगोली, नांदेड, परभणी, जलना, संभाजीनगर, सोलापुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों पर मंडरा रहा संकट!

महाराष्ट्र के अलावा, मौसम विभाग ने तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और उत्तर आंतरिक ओडिशा के लिए भी शीतलहर की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पूर्व भारत के कई राज्यों में घना कोहरा रहेगा, जिनमें असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम शामिल हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि इस बार की सर्दी में (दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक) मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा शीतलहर वाले दिन देखने को मिल सकते हैं।

16 दिसंबर तक ठंड-कोहरा का अलर्ट

ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, मध्य और उससे सटे पूर्वी और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में 14 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की बहुत संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 12-13 और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12-14 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा, साथ ही उत्तर प्रदेश में 12 दिसंबर को बहुत घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 12-16 दिसंबर के दौरान, असम, मेघालय और हिमाचल प्रदेश में 12-14, ओडिशा में 12-13 और पंजाब में 13-16 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है।

महाराष्ट्र में क्यों बढ़ी सर्दी?

इस साल महाराष्ट्र में ठंड पिछले 5 सालों में सबसे अधिक दर्ज की जा रही है। 2020 के बाद पहली बार राज्य में ‘शीतलहर’ वाले दिनों की संख्या सबसे ज्यादा रही है। 1 नवंबर से 9 दिसंबर के बीच राज्य में कुल पांच दिन शीतलहर चला।

दरअसल महाराष्ट्र में उत्तर दिशा से लगातार आ रही सूखी और ठंडी हवाओं की वजह से तापमान गिर रहा है। हवा में नमी बहुत कम होने और आसमान साफ रहने के कारण रात में तेजी से तापमान गिर रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि मुंबई में अगले दो दिन अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।