
मुंबई में ट्रेन से गिरने से एनआरआई महिला की मौत (Photo: IANS/File)
मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर एक विदेशी महिला की मौत ने सभी को हैरान कर दिया। लंदन में रहने वाली 66 वर्षीय महिला अपने पति बादशाह शेख और बेटे के साथ मुंबई घूमने आई थी। 27 नवंबर की दोपहर लगभग ढाई बजे दादर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, हाल ही में लंदन से आया परिवार अंबरनाथ से लोकल ट्रेन लेकर दादर उतरा था और उन्हें आगे मुंबई एयरपोर्ट के लिए दूसरी लोकल ट्रेन पकड़नी थी। शुरुआती जांच से पता चला है कि महिला को डायबिटीज थी और प्लेटफॉर्म पर शौचालय न दिखने के कारण वह बेटे के साथ प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक मेल एक्सप्रेस के कोच में टॉयलेट इस्तेमाल करने के लिए चढ़ गईं। इसके बाद जैसे ही वह नीचे उतरने लगी, ट्रेन चल पड़ी। साथ में मौजूद बेटे ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन महिला फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में गिर गई और बुरी तरह घायल हो गई।
रेलवे पुलिस की मदद से महिला को तुरंत सायन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के अगले दिन यानी 28 नवंबर को परिवार की मुंबई से लंदन की फ्लाइट थी। इसलिए एक दिन पहले ही वह एयरपोर्ट के पास होटल में रुकने जा रहे थे।
इस घटना ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि बादशाह शेख बहुत पहले अंबरनाथ में टोकरी लेकर मछली बेचते थे, मेहनत और लगन से आगे बढ़े और काम के चलते दुबई फिर लंदन चले गए। पिछले 30 वर्षों से वह परिवार के साथ वहीं रहते थे। शेख हर चार-पांच साल में अपने पुराने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने मुंबई और बेंगलुरु आते थे। इस बार भी वे पुरानी यादें ताजा करने मुंबई पहुंचे थे। वह पत्नी और बच्चे को लेकर अंबरनाथ भी गए थे। लेकिन इस बार की यात्रा उनके लिए बेहद दर्दनाक साबित हुई।
बादशाह शेख मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले है। इसलिए वह एनआरआई पत्नी का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए हैदराबाद ले गए। दादर जीआरपी ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
30 Nov 2025 08:14 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
