
देशभर में नवंबर के पहले हफ्ते में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि महाराष्ट्र और उत्तर भारत से लेकर दक्षिण के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। इसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी, म्यांमार और बांग्लादेश के तटों के आसपास के क्षेत्रों पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (LPA) बना हुआ है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को 4 और 5 नवंबर को प्रभावित करने की संभावना है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 और 5 नवंबर 2025 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, इसके आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बिजली गिरने और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
4 और 5 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ने की संभावना जताई गई है। विभाग ने बिजली गिरने और तूफान जैसी स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
4 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से हो रहा है।
5 और 6 नवंबर को कोंकण और गोवा में तथा 4-7 नवंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में बिजली गिरने के साथ तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने 4 से 6 नवंबर के बीच तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भविष्यवाणी की है। जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। IMD ने बताया कि 4 से 8 नवंबर के बीच तमिलनाडु के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
इसके अलावा, 4 से 6 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश के लिए मौसम अनुकूल है। 4 और 5 नवंबर को उत्तर आंतरिक कर्नाटक में तथा 4 से 7 नवंबर तक दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में वर्षा के आसार हैं। वहीं, 6 और 7 नवंबर को तटीय कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तेलंगाना में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में उत्तर, मध्य और पूर्व भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वी भारत में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने के बाद मौसम ठंडा रहेगा।
IMD ने लोगों को चेताया है कि जिन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है, वहां लोग खुले में जाने से बचें और खेतों में काम करने वाले किसान सावधानी बरतें। तटीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने पर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कुल मिलाकर नवंबर का पहला सप्ताह देश के कई राज्यों में बारिश और ठंडी हवाओं के साथ बीतेगा। उत्तर भारत में सर्दी की दस्तक महसूस होगी, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
Updated on:
04 Nov 2025 05:19 pm
Published on:
04 Nov 2025 04:40 pm

