
मेरठ : दहेज प्रथा समाज में एक दंश ही है। दहेज के चलते मेरठ में एक बेटी हाथों में मेहंदी लगाए और लाल जोड़ा पहने बारात का इंतजार करती रही। लेकिन, बारात नहीं आई। वजह रही 50 लाख रुपए। क्योंकि दूल्हा सरकारी कर्मचारी था। बस दूल्हे का पिता अड़ गया औऱ कहा कि पैसे नहीं मिलेंगे तो बारात नहीं आएगी। फिलहाल, पुलिस ने दुल्हन के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता महेश कुमार शर्मा ने बताया कि 2 फरवरी 2025 को उनकी बेटी का रिश्ता परतापुर क्षेत्र के गांव अछरोंडा निवासी अभिषेक शर्मा से तय हुआ। अभिषेक यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में कासगंज में तैनात हैं। सगाई 1 नवंबर को तय हुई, जबकि शादी 2 नवंबर को फिक्स की गई। रिश्ता पक्का करने के लिए 2 फरवरी को 'रोका' समारोह में ही करीब 2 लाख रुपये खर्च हो गए थे।
सगाई के दिन लड़की पक्ष के परिजन लड़के के घर पहुंचे, जहां रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान दुल्हन पक्ष ने जेवरात, 5 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, 1 लाख रुपये का चेक (आईसीआईसीआई बैंक), 2 लाख रुपये के कपड़े, अन्य घरेलू सामान, फल और 51 हजार रुपये की मिलाई दी। कुल मिलाकर सगाई पर भारी खर्चा हुआ, लेकिन लड़के पक्ष ने शादी का वादा किया।
शादी हाईवे स्थित सुमित्रा फॉर्म हाउस में होनी थी। महेश कुमार ने बताया कि इसके लिए डेढ़ लाख रुपये में मंडप बुक किया गया। खाने-पीने की व्यवस्था के लिए 3 लाख रुपये का सामान खरीदा गया, हलवाई को 50 हजार रुपये दे दिए गए। इसके अलावा अन्य खर्चों में करीब 1 लाख रुपये और लग चुके थे। परिवार और रिश्तेदारों ने पूरी जान लगा दी थी।
लेकिन रविवार शाम करीब 5 बजे तक बारात न पहुंचने पर हड़कंप मच गया। दुल्हन के पिता ने दूल्हे के पिता गोपाल शर्मा को फोन किया। जवाब में गोपाल ने कहा, 'पहले दहेज का बाकी 50 लाख रुपये पूरे करो। तुमने अभी तक सिर्फ 7 लाख दिए हैं। 20 लाख रुपये कैश दो, तभी बारात लेकर आऊंगा।' समझाने-बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन काट दिया। मंडप में सन्नाटा छा गया, आंसुओं की होली खेली जाने लगी।
पीड़ित पक्ष ने फिर दूल्हे अभिषेक को फोन किया। अभिषेक ने साफ कहा, 'मेरी नौकरी लगने में ही 20 लाख रुपये खर्च हो गए। 50 लाख दहेज पूरा होने पर ही बारात आऊंगी। पहले कैश दो।' जब महेश ने असमर्थता जताई, तो अभिषेक ने कहा, 'मेरे पिता से बात करो' और फोन काट दिया। दुल्हन पक्ष ने रात में दौराला थाने पहुंचकर दूल्हा-पिता के खिलाफ तहरीर दी।
दौराला थाने के सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया, 'रात में पीड़ित परिवार की शिकायत मिली। तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दूल्हा पुलिस में तैनात होने के बावजूद ऐसा काम कर बैठा, जो कानून के दायरे में है। मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी पक्ष से पूछताछ होगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।'
Published on:
03 Nov 2025 04:18 pm

