Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

Patrika Keynote 2025: डिप्टी CM मौर्य बोले- भारत की नस-नस में लोकतंत्र बसा है, आपातकाल में भी नहीं डगमगाया

Patrika Keynote 2025: राजस्थान पत्रिका (Rajasthan Patrika) समूह के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिश की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पत्रिका समूह देशभर में संवाद शृंखला आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में आज लखनऊ विश्वविद्यालय में पत्रिका की-नोट (Patrika Keynote) कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें 'लोकतंत्र और मीडिया' विषय पर चर्चा हुई।

लखनऊ

Harshul Mehra

Sep 19, 2025

patrika keynote 2025
बौद्धिक विमर्श का केंद्र बना लखनऊ, डिप्टी सीएम ने क्या कहा? फोटो सोर्स-पत्रिका

Patrika Keynote 2025 : लखनऊ में आयोजित राजस्थान पत्रिका परिवार के विशेष कार्यक्रम में 'लोकतंत्र और मीडिया' विषय पर चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र भारत की नस-नस में समाया हुआ है। यही कारण है कि आपातकाल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी लोकतंत्र कभी कमजोर नहीं पड़ा। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा, निष्पक्ष पत्रकारिता और सही सूचनाएं ही भारत के उज्जवल भविष्य की कुंजी हैं।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जिसके हर नागरिक के रोम-रोम में लोकतंत्र बसता है। चाहे वह कोई पढ़ा लिखा व्यक्ति हो या कोई गांव का व्यक्ति हो सभी लोकतंत्र के महत्व को जानते हैं। लोकतंत्र में एक नागरिक के रूप में एक मतदाता के रूप में अपनी ताकत को भी जानता है। हमारे देश के अंदर पहले राजतंत्र था। इसके बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस की एक चौपाई का उल्लेख किया उन्होंने कहा कि, 'कोउ नृप होई हमै का हानि, चेरी छांड़ि कि होइब रानी' रामचरितमानस में वर्णन है की त्रेतायुग में महारानी कैकई की मुहलगी दासी मंथरा कह रही होती है ‘किसी के राजा होने से उसे क्या फर्क पड़ने वाला है? वो तो दासी ही रहेगी, रानी तो होगी नहीं।’ आज इस बात के परिवेश उलट है। देश की जनता जिसे चाहेगी वह विधायक…सांसद से लेकर चाहे वह ग्राम प्रधान का चुनाव हो या जिला पंचायत का, उसके हाथ में सत्ता की बागडोर सौंपती है।

टेक्नोलॉजी ने आसान की समाचारों की पहुंच

उन्होंने कहा कि आज हर नागरिक के हाथ में मोबाइल फोन है। तकनीक ने समाचारों तक पहुंच को आसान बना दिया है। सोशल मीडिया हो या प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, खबरें पलभर में जनता तक पहुंचती हैं। इस बदलाव ने पत्रकारिता की जिम्मेदारी को और अधिक गंभीर बना दिया है। समाचार संस्थानों को TRP और व्यावसायिक दबाव से ऊपर उठकर जनता तक निष्पक्ष और सटीक जानकारी पहुंचानी चाहिए।

दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते पत्रिका समूह के प्रधान संपादक डॉक्टर गुलाब कोठारी साथ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मनुका खन्ना और रेणुका टंडन (पूर्व चेयरपर्सन, फिक्की फ्लो लखनऊ एवं कानपुर चैप्टर और संस्थापक, अमरेन फाउंडेशन एवं लखनऊ फिल्म फोरम)।

डिप्टी सीएम ने आपातकाल का किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब भारत में आपातकाल लगाया गया था, तब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए। मीडिया की आवाज दबाने की कोशिशें की गईं, लेकिन लोकतंत्र भारतवासियों के रक्त में प्रवाहित होता है। इस कारण ऐसी व्यवस्थाएं लंबे समय तक टिक नहीं सकीं। आज वही लोकतंत्र भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बना रहा है।

देश की प्रगति पर बात करते हुए डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि प्रतिभा और युवाशक्ति का भी सबसे बड़ा केंद्र है। आने वाले समय में भारत आर्थिक रूप से और सशक्त होकर दुनिया का नेतृत्व करेगा।

यूपी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण: डिप्टी CM

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2047 तक भारत विकसित भारत बन जाएगा। भारत अभी विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था है 2027 तक भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अब सबसे बड़ा प्रदेश होने के नाते इसमें यूपी की भूमिका काफी अहम है। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें स्वदेशी अपनाना चाहिए, जिससे कि हमारी अर्थव्यवस्था को गति मिल सके। यहां के लोगों की लोकतांत्रिक भागीदारी और सक्रियता से ही भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।