
जोधपुर। रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए लोअर बर्थ (निचली सीट) सुविधा को और सरल बना दिया है। अब सीनियर सिटीजंस को टिकट बुकिंग के दौरान उनकी आयु के आधार पर कंप्यूटर सिस्टम स्वत: लोअर बर्थ आवंटित करेगा। यह सुविधा स्लीपर क्लास, थर्ड एसी और सेकंड एसी कोचों में लागू है।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि आरक्षित कोचों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष लोअर बर्थ कोटा निर्धारित है। यह सुविधा केवल उन यात्रियों को दी जाती है जो अकेले या जोड़े में यात्रा कर रहे हैं। दो से अधिक लोगों के समूह को यह सुविधा नहीं मिलेगी। यदि किसी वरिष्ठ नागरिक का टिकट किसी वयस्क यात्री के साथ संयुक्त रूप से बना है, तो उसे भी यह सुविधा नहीं दी जाएगी। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों का टिकट अलग से बनाया जाए तो उन्हें लोअर सीट मिल सकती है।
रेलवे के अनुसार, स्लीपर क्लास में प्रति कोच 6, थर्ड एसी में 4 से 5 और सेकंड एसी में 2 लोअर बर्थ आरक्षित की जाती हैं। इन सीटों को 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष यात्रियों, 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिला यात्रियों तथा गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता से आवंटित किया जाता है।
Updated on:
06 Nov 2025 03:50 pm
Published on:
06 Nov 2025 03:42 pm

