जालोर। यह हाथ क्रूर नहीं तो क्या है, जिसने जन्म के आधे घंटे बाद ही मासूम कन्या को दो मकानों की छत के बीच बनी दीवार पर रख दिया। यह तो गनीमत रहीं कि समय रहते किसी ने बच्ची को देख लिया। मामला कस्बे के लालपोल क्षेत्र का है। मकान मालिक जावेद खान का पुत्र छत पर कपड़े लेने गया तो मासूम रो रही थी। बच्चे ने अपने परिवार को जानकारी दी। परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो आस-पास कोई नहीं था। बच्ची को वहां रखने वाले का अभी कोई पता नहीं चल पाया है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश चौधरी ने बच्ची की जांच की। उन्होंने बताया कि बच्ची का वजन 2 किलो 950 ग्राम है। बच्ची स्वस्थ है। जन्म के मात्र 30 से 40 मिनट बाद ही इसे कोई छोड़ गया। उसकी प्लेसेंट (नाळ) तक नहीं काटी गई थी। ऐसे में संभव है कि जन्म होने के साथ ही बच्ची को मां से दूर कर लिया गया। बच्ची के ब्लड की जांच सोमवार को होगी। बच्ची रोने के साथ ही प्रोपर तरीके से श्वास ले रही है।
बच्ची को फिलहाल एमसीएच में रखा गया है। वहां चिकित्सकीय जांच की गई है, जिसमें बच्ची ठीक है। बच्ची को मदर मिल्क बैंक से दूध पिलाया गया। आगामी तीन से चार दिन तक इसे यही दूध पिलाया जाएगा।
कस्बे का लालपोल क्षेत्र घनी आबादी का क्षेत्र है। यहां पर अधिकतर मकानों की छतें आपस में जुड़ी हुई है। ऐसे में अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि बच्ची को छत की दीवार पर किसने रखा। हालांकि पुलिस का मानना है कि जन्म के आधा घंटे में ही दूर से कोई व्यक्ति यहां लाकर बच्ची को नहीं रख सकता।
Published on:
05 Oct 2025 08:04 pm