पोकरण कस्बे में फलसूंड रोड पर कुछ दिन पूर्व रातों-रात गति अवरोधक बन गए। किसने बनाए, किसके आदेश से बने, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। इन गति अवरोधकों से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही रात में हादसे का भी भय बना हुआ है। गौरतलब है कि कस्बे में फलसूंड तिराहे से बाईपास हाइ-वे तक एक किलोमीटर फलसूंड रोड स्थित है। इस एक किलोमीटर सडक़ में पूर्व में 4-5 गति अवरोधक बने हुए थे। कुछ दिन पूर्व रात में यहां किसी ने नए गति अवरोधक बना दिए। अब यहां फलसूंड तिराहे से हाइ-वे बाईपास तक हाइ-वे के 3 गति अवरोधकों के अलावा 15 गति अवरोधक हो गए है। इनमें भी मानकों व नियमों का ध्यान भी नहीं रखा गया है। ऐसे में बिना किसी मापदंड का ध्यान रखे बनाए गए गति अवरोधकों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही रात में कम रोशनी के कारण यहां किसी हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
फलसूंड रोड पर व्यास बगेची के पास 150-200 फीट सीसी सडक़ बनी हुई है। पानी भराव की समस्या के समाधान के लिए यहां सीसी सडक़ को सडक़ से आधा फीट ऊंचा बनाया गया है। ऐसे में यह ऊंचाई गति अवरोधकों का काम कर रही थी। साथ ही यहां आसपास सडक़ भी क्षतिग्रस्त है। इस सीसी सडक़ के ऊपर व दोनों तरफ 3-4 गति अवरोधक बनाए गए है, जो पूरी तरह से अनावश्यक है।
हमने नहीं बनाए गति अवरोधक
फलसूंड रोड पर पूर्व में कुछ गति अवरोधक लगाए गए थे। नए गति अवरोधकों को लेकर कोई जानकारी नहीं है। विभाग ने नहीं बनवाए है।
Published on:
08 Oct 2025 11:56 pm