
कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय (फोटो सोर्स- @indreshji7)
जयपुर। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय 5 दिसंबर को विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित होटल ताज आमेर में वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। विवाह समारोह में देशभर के साधु-संत, महंत और प्रमुख अतिथि शामिल होंगे, जिसके कारण यह शादी धार्मिक और सामाजिक जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इंद्रेश उपाध्याय की होने वाली पत्नी का नाम शिप्रा बताया जा रहा है। वे मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं और एक सम्मानित परिवार से आती हैं। उनके पिता हरियाणा पुलिस में डीएसपी रह चुके हैं। वर्तमान में उनका परिवार पंजाब के अमृतसर में निवास करता है। शिप्रा और उनके परिवार की सादगी व धार्मिक रुचि को देखते हुए यह रिश्ता तय हुआ। विवाह 5 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा।
शादी से पहले इंद्रेश उपाध्याय के वृंदावन स्थित रमणरेती आश्रम में हल्दी, संगीत और अन्य पारंपरिक रस्में संपन्न हुईं। बुधवार को उनकी आकर्षक निकासी भी निकली। ऑफ व्हाइट शेरवानी, पगड़ी और हाथ में चांदी की छड़ी लिए दूल्हा बने इंद्रेश की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। निकासी में हाथी-घोड़े और भव्य सजावट देखने को मिली।
विवाह समारोह में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, श्री मलूक पीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, पुंडरीक गोस्वामी, संत अलबेली माधुरी शरण, बॉलीवुड सिंगर बी प्राक सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इसके अलावा जयपुर के संत-महंत जैसे गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन गोस्वामी भी आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।
शादी के लिए विशेष आमंत्रण पत्र तैयार कराया गया है, जिसके साथ वृंदावन के प्रमुख मंदिरों- राधारमणजी, राधावल्लभजी आदि का प्रसाद भी भेजा गया है। इसमें मिश्री-इलायची, लड्डू और तुलसी प्रसाद शामिल हैं।
इंद्रेश उपाध्याय सोशल मीडिया पर अपने प्रवचनों और आध्यात्मिक कथाओं के कारण बेहद लोकप्रिय हैं। इसलिए उनका यह वैदिक थीम वाला विवाह समारोह भक्तों और धार्मिक समुदाय में विशेष उत्सुकता का केंद्र बना हुआ है।
Updated on:
03 Dec 2025 10:44 pm
Published on:
03 Dec 2025 10:26 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
