
Kisan Mahapanchayat 2025: भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने ग्रेटर नोएडा स्थित कैंप कार्यालय में आगामी महापंचायत को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी 22 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
राकेश टिकैत ने कहा कि नोएडा, मथुरा, बुलंदशहर, हाथरस और आगरा के हजारों किसान इस महापंचायत में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर से लेकर आगरा तक फैले यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में किसानों की जमीन का अधिग्रहण यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है, लेकिन अब तक किसानों को उनका 64.7% अतिरिक्त मुआवजा और 10% किसान कोटे के प्लॉट नहीं दिए गए हैं। टिकैत ने कहा कि सरकार और प्राधिकरण द्वारा किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं।
BKU प्रवक्ता ने कहा कि जिले के किसी भी गांव की आबादी का निस्तारण नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों की मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो 22 दिसंबर की महापंचायत आंदोलन का बड़ा रूप लेगी।
| क्रमांक | किसानों की मुख्य मांगें |
|---|---|
| 1 | किसानों को उनका 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा तुरंत दिया जाए |
| 2 | जेवर से आगरा तक सर्विस रोड का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए |
| 3 | आगरा टोल प्लाजा पर स्थानीय निवासियों को आधार कार्ड दिखाकर नि:शुल्क आवाजाही की अनुमति दी जाए |
| 4 | जिन गांवों का अधिग्रहण किया गया है, उन्हें सेक्टरों की तर्ज पर विकसित किया जाए |
| 5 | अधिग्रहित गांवों के युवाओं को रोजगार दिया जाए |
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए टिकैत ने कहा कि किसान अब चुप नहीं बैठेंगे और अपने हक के लिए सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि यह महापंचायत किसानों की आवाज बनेगी और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर, अशोक भाटी, मनोज मावी, लाला यादव, युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान, बुलंदशहर जिला अध्यक्ष अरब सिंह, अलीगढ़ जिला अध्यक्ष सुंदर बालियान, मथुरा जिला अध्यक्ष कुमारी मीरा, और आगरा जिला अध्यक्ष राजवीर लवानिया सहित सैकड़ों किसान और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Published on:
04 Nov 2025 05:48 pm

