देश में मानसून एक बार फिर लौट आया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, उड़ीसा में एक निम्न दाब बन रहा है, जिसकी वजह से 5 अक्टूबर तक यूपी, उत्तराखंड ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल में तूफानी बारिश होगी।
मौसम विभाग ने यूपी में मौसम बदलने को लेकर भविष्यवाणी की है। इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 1 अक्टूबर के बाद मौसम बदलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 1 अक्टूबर को हल्की बारिश, जबकि 2 अक्टूबर को कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश (Heavy Rainfall) की संभावना है।
मौसम विभाग ने बलिया, मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, देवरिया, लखनऊ, बहराइच, बलरामपुर, कुशीनगर, आजमगढ़ आदि समेत कई जिलों 2 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान हवा 40 से 50 किमी/घंटा की स्पीड से चल सकती है।
वहीं, उत्तराखंड में 29 अक्टूबर से 3 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ, चमोली और बागेश्वर में बौछार पड़ेगी। इस दौरान 30 से 40 की स्पीड से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 29 से 4 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं तेलंगाना में 3 और 4 अक्टूबर को बहुत भारी वर्षा (Very Heavy Rainfall) की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में बिजली भी गिर सकती है।
वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, और नागालैंड में 30 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासकर अरुणाचल प्रदेश में 1 से 4 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली और एनसीआर में 30 सितंबर के बाद एक बार फिर मौसम बदलेगा। 1 से 2 अक्टूबर के बीच बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
भारत मौसम विभाग ने 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज लहरों और आंधी की संभावना जताई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Updated on:
29 Sept 2025 10:42 am
Published on:
29 Sept 2025 08:58 am