
Quinton de Kock, Pakistan vs South Africa, 2nd ODI पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला फ़ैसलाबाद के इकबाल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के शानदार शतक की मदद से मेजबान पाकिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया।
क्विंटन डिकॉक ने इस मैच में 119 गेंद पर 7 छक्के और 8 चौके की मदद से नाबाद 123 रनों की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 22वां शतक था। इसके साथ ही डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका के लिए वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज हर्शल गिब्स को पीछे छोड़ दिया, जो अब तक 21 शतकों के साथ इस सूची में थे। इस उपलब्धि के साथ वे अब दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के इतिहास में हाशिम आमला (27 शतक) और एबी डिविलियर्स (25 शतक) के बाद तीसरे नंबर पर काबिज हो गए हैं।
हर्शल गिब्स दक्षिण अफ्रीका के सफलतम सलामी बल्लेबाज रहे हैं। गिब्स ने 248 वनडे की 240 पारियों में 21 शतक की बदौलत 8,094 रन बनाए। डीविलियर्स ने 223 वनडे में 25 शतक की मदद से 9,427 और हाशिम अमला ने 181 वनडे में 27 शतक सहित 8,113 रन बनाए। डिकॉक अभी 32 साल के हैं। ऐसे में उनके पास वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजन बनाने का सुनहरा मौका है।
क्विंटन डी कॉक वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 22 शतक लगाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 157 पारियों में हासिल किया और इस दौरान सचिन तेंदुलकर तथा रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में डी कॉक से आगे दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, भारत के विराट कोहली और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं। विकेटकीपर के तौर पर वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के विश्व रिकॉर्ड से अब डी कॉक महज एक कदम दूर हैं। 22 शतकों के साथ वह दूसरे स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका के महान विकेटकीपर कुमार संगकारा 23 शतकों के साथ शीर्ष पर काबिज हैं।
डिकॉक ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। हालांकि, अगला वनडे विश्व कप 2027 में दक्षिण अफ्रीका में ही आयोजित होने वाला है, और यही संभवत: उनकी वापसी का मुख्य कारण है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने की दक्षिण अफ्रीका की महत्वाकांक्षा को डिकॉक की वापसी और मजबूती प्रदान करेगी। डिकॉक न केवल एक कुशल विकेटकीपर हैं, बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं। 2013 से 2025 तक के अपने वनडे करियर में डिकॉक ने 157 मैच खेले हैं, जिसमें 22 शतकों की मदद से कुल 6,956 रन बनाए हैं। उनका औसत और स्ट्राइक रेट हमेशा से प्रभावशाली रहा है, जो उन्हें टीम के लिए अमूल्य बनाता है।
Published on:
07 Nov 2025 09:18 am

