
अर्शदीप सिंह (फोटो- IANS)
IND vs SA 2nd T20: अर्शदीप सिंह ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि अपने ही शहर में उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ जाएगा। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अर्शदीप सिंह ने एक ही ओवर में 13 गेंदें डालीं। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए। इसी के साथ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (फुल मेंबर्स) मैच के दौरान एक ही ओवर में सर्वाधिक गेंदें फेंकने के मामले में नवीन उल हक के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। साउथ अफ्रीकी टीम 10 ओवर तक 1 विकेट गंवाकर 90 रन बना चुकी थी। क्विंटन डीकॉक 62 और एडेन मार्करम 14 रन पर क्रीज पर थे। अर्शदीप सिंह अपना तीसरा ओवर फेंकने आए। इस ओवर की पहली गेंद पर डीकॉक ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अर्शदीप ने लगातार दो वाइड गेंदें डालीं। अगली गेंद पर डीकॉक कोई रन नहीं बना सके। यहां से अर्शदीप ने लगातार चार वाइड गेंदें फेंकीं। इसके बाद अगली गेंद पर डीकॉक ने सिंगल निकाला।
अब तक ओवर में 3 आधिकारिक गेंदें डाली जा चुकी थीं। अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद अर्शदीप बिल्कुल भी लय में नजर नहीं आ रहे थे। चौथी गेंद पर मार्करम ने 2 रन लिए, जिसके बाद उन्होंने सिंगल निकाला। अब अर्शदीप को ओवर खत्म करने के लिए सिर्फ एक वैध गेंद फेंकनी थी, लेकिन एक बार फिर उन्होंने वाइड डाल दी। अगली गेंद पर डीकॉक ने सिंगल लेकर इस ओवर को खत्म किया। टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले इस गेंदबाज ने इस ओवर में कुल 13 गेंदें फेंकीं और 18 रन लुटाए।
अर्शदीप सिंह से पहले अफगानिस्तान के नवीन उल हक साल 2024 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ही ओवर में 13 गेंदें फेंक चुके थे। वहीं, साल 2021 में जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान के खिलाफ साउथ अफ्रीका के सिसांदा मेगाला ने एक ओवर में कुल 12 गेंदें फेंकी थीं। भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। टीम इंडिया सीरीज का पहला मुकाबला 101 रन से अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में भारत की निगाहें इस मुकाबले को जीतकर 2-0 की बढ़त हासिल करने पर होंगी।
Updated on:
11 Dec 2025 09:17 pm
Published on:
11 Dec 2025 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
