सरदारशहर (चूरू)। रविवार को चूरू जिले के भानीपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव सावर के पास सड़क किनारे बैठे सात पैदल यात्री अचानक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ढाणी दूदगिरी से पल्लू माताजी धाम के लिए पैदल यात्रा कर रहा एक समूह गांव सावर पहुंचा। यहां महिला, पुरुष और बच्चे सड़क किनारे एक होटल पर रुककर चाय पी रहे थे। इसी दौरान सरदारशहर की तरफ से तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सीधे यात्रियों पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही भानीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो वर्षीय मनीषा पुत्री पूर्णराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ वर्षीय गीता पुत्री पूर्णराम की हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार उप जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में 26 वर्षीय पूर्णराम पुत्र सेठाराम, 25 वर्षीय सुगना पत्नी पूर्णराम, 8 वर्षीय गीता पुत्री पूर्णराम, 2 वर्षीय मनीषा पुत्री पूर्णराम, 4 महीने का योगेश पुत्र पूर्णराम, 25 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र कालूराम और 25 वर्षीय कालूराम पुत्र रामसिंह घायल हुए हैं। इनमें से मनीषा की मौत हो चुकी है, जबकि गीता की हालत गंभीर बनी हुई है।
भानीपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
Updated on:
28 Sept 2025 07:44 pm
Published on:
28 Sept 2025 07:43 pm