नरसिंहपुर नाका में पुलिया क्षतिग्रस्त होने से बीच सडक़ पर निस्तारी पानी भर रहा है। नाला जाम पड़ा हुआ है। १२ भाजपा पार्षद भी मिलकर इस समस्या का समाधान नहीं करा पाए। हालत यह है कि सडक़ पर पानी का डबरा भरा हुआ है और नाला भी जाम है। तीन माह से बनी समस्या का हल न निकल पाने से रहवासी नाराज है। घरों में पानी घुस रहा है। उनका आवागमन मुश्किल हो रहा है।
वार्ड नं.१२ और १५ के गुजरते इस नाले को देखने रविवार को पत्रिका टीम पहुंची। इस नाले पर सडक़ उखड़ी नजर आई और बीच में नाले को खोदकर पानी का डबरा बना दिया। इस नाले के पानी समीप घरों में भरा तो उनके लोग उसे उलीचते नजर आए। क्षेत्रवासियों ने कहा कि तीन माह से यह समस्या चल रही है लेकिन नगर निगम के इंजीनियरों ने क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण नहीं किया। कर्मचारियों ने नाले को साफ नहीं किया। जिससे यह पुलिया और नाला पूरी बारिश परेशान करता रहा। अब भी नाला में गंदगी और मलबा भरा होने से जाम पड़ा है। पिछले दिनों निगम के अधिकारी आए थे। उन्होंने निरीक्षण किया। कर्मचारियों ने उसे देखा और छोडक़र चले गए। आज भी पुरानी स्थिति में बदलाव नहीं हो पाया है।
इस समस्या को लेकर १२ भाजपा पार्षद निगम आयुक्त से मिल चुके है। फिर भी इसका हल नहीं निकल पाया है। पीजी कॉलेज जनभागीदारी समिति अध्यक्ष व क्षेत्रीय समाजसेवी भारत घई का कहना है कि समस्या का हल न होने पर जन आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल आयुक्त ने सोमवार का समय दिया है।
तीन माह से हम क्षतिग्रस्त पुलिया और नाले की समस्या से जूझ रहे हैं। आवागमन कम होने से व्यवसाय प्रभावित है। सडक़ पर चलना मुश्किल है। निगम इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
-मुकेश गुप्ता, नरसिंहपुर नाका
….
हर बार निगम की ओर से नाला सफाई करा दिया जाता था। इस बार नाला गैंग ने पुलिया और नाले पर काम नहीं किया। इससे लोगों के घरों में पानी घुसा। अब भी निगम अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है।
-शशिकांत बारस्कर, नरसिंहपुर नाका
…..
नया नाला नहीं बन पाने से व्यापारियों को परेशानी हो रही है। इस मांग को लम्बे समय से क्षेत्रवासी उठा रहे हैं। आज सडक़ पर चलने मेंं दिक्कत हो रही है। सडक़ पर पानी का डबरा भरा हुआ है।
-करन घई, नरसिंहपुर नाका
…….
नरसिंहपुर नाका में पुलिया क्षतिग्रस्त है। इस कारण यहां पानी जाम हो रहा है। इस बारे में अवगत करा दिया गया है। जब तक पुलिया नहीं बनी बनेगी, समस्या यथावत् बनी रहेगी।
-अनिल मालवी, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम।
Published on:
13 Oct 2025 11:13 am