
1 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार है। बीते 2 साल की तरह इस बार भी सरकार से दिवाली से पहले खुशखबरी मिलने की उम्मीद है। 2023 और 2024 दोनों साल में सरकार ने दिवाली से ठीक पहले DA व DR में बढ़ोतरी का ऐलान किया था। बीते साल, 16 अक्टूबर 2024 को केंद्रीय कैबिनेट ने इसको मंजूरी दी थी, जिससे त्योहार से ठीक पहले इसकी रकम आ गई थी। 2023 में भी ऐलान दिवाली से ठीक पहले ही किया गया था। इस बार दिवाली 21 अक्टूबर 2025 को है और कर्मचारियों को भरोसा है कि इसी तरह का तोहफा फिर मिलेगा।
केंद्रीय कैबिनेट ने 24 सितंबर को रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी दी है। हालांकि इससे रेलवे स्टाफ को तो फायदा मिला, लेकिन केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को DA व DR में बढ़ोतरी का इंतजार है। कुछ साल पहले तक जुलाई के DA व DR में संशोधन सितंबर के आखिरी सप्ताह में हो जाता था और अक्टूबर की पहली किस्त में जुलाई-सितंबर के एरियर का पेमेंट होता था। अब ट्रेंड बदल गया है।
23 सितंबर को केंद्रीय सरकारी कर्मचारी और मजदूर महासंघ (CCGEW) के महासचिव एसबी यादव ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर सितंबर के आखिरी सप्ताह में DA व DR की घोषणा हो जाती थी और अक्टूबर के पहले हफ्ते में 3 माह का एरियर मिल जाता था। इस बार देरी से कर्मचारियों में असंतोष पैदा हो रहा है। अगर सरकार 3% बढ़ोतरी को मंजूरी देती है तो महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 55% से बढ़कर 58% हो जाएगी।
महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों की सैलरी का अहम हिस्सा होता है। यह महंगाई से राहत देने के लिए दिया जाता है और इसका कैलकुलेशन अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के आधार पर होता है। जनवरी और जुलाई में दो बार इसे संशोधित किया जाता है। यह संशोधन इसलिए भी खास होगा क्योंकि यह 7वें वेतन आयोग के तहत आखिरी बढ़ोतरी मानी जा रही है। 8वां वेतन आयोग (8th CPC) जनवरी 2026 से लागू होने की संभावना है।
1 जुलाई 2025 : DA संशोधन लागू
सितंबर 2025 : कैबिनेट की मंजूरी व अधिसूचना जारी हो सकती है
अक्टूबर 2025 : संशोधित DA के साथ पहली सैलरी
अक्टूबर 2025 : जुलाई–सितंबर का एरियर एकमुश्त पेमेंट
Published on:
26 Sept 2025 11:16 am

