
बूंदी। हिण्डोली थाना क्षेत्र के ग्राम बडानयागांव के निकट सरदारों का झोपड़ा के पास भूमि विवाद को लेकर रविवार को दो पक्ष सामने हो गए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर एक समाज की महिला व पुरुषों ने हमला कर दिया, जिसमें सहायक पुलिस उप निरीक्षक सहित चार जवान घायल हो गए। चारों घायलों को हिण्डोली चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार बड़ा नयागांव के निकट सरदारों का झोपड़ा के पास भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में काफी लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। यहां पर पूर्व में भी कई बार झगड़ा हो चुका है। रविवार को एक पक्ष के कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर जमीन हंकाने मौके पर पहुंचे, जिसका विरोध वहां रहने वाले महिला-पुरुषों ने शुरू कर दिया।
झगड़ा होने की सूचना पर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक मणिराज सिंह सहित चार पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पहले पक्ष के लोग ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। इस दौरान मौजूद महिला-पुरुषों ने पुलिस पर लाठी व गंडासे से हमला कर दिया, जिसमें एएसआई मणिराज सिंह, कांस्टेबल किशन सिंह, धर्मचंद व चालक दिनेश घायल हो गए। घायलों को हिण्डोली चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में की। आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि करीब तीस महिला-पुरुष मौके पर थे। एक जने ने ट्रैक्टर से पुलिस की जीप को पीछे से दो- बार टक्कर मारी, जिससे जीप क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि घायल एएसआई मणिराज सिंह, किशन सिंह, धर्मचंद व चालक दिनेश को घायल अवस्था में हिण्डोली चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां पर उनका उपचार जारी है।
Published on:
16 Nov 2025 07:14 pm

