
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास, जनजातीय उत्थान और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, साथ ही एक प्रमुख चौक का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा। लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर किए जाने की घोषणा भी की गई।
जनजातीय समाज के उत्थान पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले में जनजातीय बालक-बालिकाओं के लिए 300 और 200 सीटर के दो अत्याधुनिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों की स्थापना की घोषणा की। इससे जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा। वहीं कोटा ब्लॉक में समाज के लिए सुसज्जित सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की गई, जो सामाजिक आयोजनों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
पुलिस परेड ग्राउंड में जनजातीय गौरव कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करने के साथ ही सीएम ने समाज प्रमुखों से चर्चा की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
CG News: स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में पुराना बस स्टैंड के पास बनाए गए वंदे मातरम् उद्यान और नाम पट्टिका का शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी हमारे राष्ट्रगौरव हैं, जिनके त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली।
पुराना बस स्टैंड चौक से लेकर शिव टॉकीज चौक तक विकसित इस उद्यान में 25 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं। उद्यान को वंदेमातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ पर समर्पित किया गया है। फाउंटेन, हरियाली और स्वच्छ वातावरण से युक्त यह स्थल प्रेरणा और स्मरण का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने पचरीघाट में स्थापित एसटीपी और ड्यूल पाइपिंग परियोजना का भी लोकार्पण किया, जिसकी लागत 6.99 करोड़ रुपए है। इसमें शहर से निकलने वाले नालों के पानी को फिल्टर किया जाएगा। इस व्यवस्था से रोजाना 10 लाख लीटर पानी को शुद्ध कर उद्यान में सिंचाई, सफाई और फाउंटेन संचालन में उपयोग किया जाएगा।
CG News: मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेनानियों की नाम पट्टिकाएं हर गुजरने वाले व्यक्ति में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाएंगी और यह देश का पहला ऐसा उद्यान होगा जो स्थानीय सेनानियों को समर्पित है। उन्होंने सेनानियों के परिजनों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित थे।
Published on:
16 Nov 2025 05:03 pm

