Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

अटल युग को फिर से जीवित करने भाजपा का अभियान, सभी जिलों में लगेगी प्रतिमा… कांग्रेस के गांधी मॉडल को दी सीधी टक्कर!

Political News: भाजपा ने राज्य के सभी जिलों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है। पार्टी का मानना है कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल भाजपा के नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा और अस्मिता के प्रतीक हैं।

अटल की प्रतिमा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
अटल की प्रतिमा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG Political News: प्रदेश में भाजपा अब एक नए राजनीतिक संदेश के साथ मैदान में उतरी है। जिस तरह कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देशभर में गांधी परिवार के प्रतीकों महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाएं और चौक बनवाए थे, उसी तर्ज पर भाजपा अब अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में है।

पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित करा रही है। दरअसल, भाजपा का मकसद अटल बिहारी वाजपेयी को छत्तीसगढ़ की अस्मिता से जोड़ने का है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अटल जी ने ही वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा दिलाया था। इसी ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए भाजपा ने नारा दिया है, छत्तीसगढ़ को हमने बनाया, हम ही संवारेंगे। इस अभियान के तहत अब प्रदेश के सभी जिलों में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का स्थापना भाजपा सरकार करा रही है।

अरपा किनारे प्रतिमा तैयार

प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा बिलासपुर में भी भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा अरपा के नए रिवर व्यू किनारे तैयार कराई है। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के साथ ही उनके कुछ संदेशों को भी उकेरा गया है। काम पूरा हो गया है, प्रतिमा को पॉलिथिन से ढका गया है। जिसका लोकार्पण जल्द ही होने की संभावना है।

सभी निकायों में बन रहे अटल परिसर

प्रतिमा के साथ ही भाजपा सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर भी बना रही है। हाल ही में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा जिले के चार नगरीय निकायों में तीन करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसरों, प्रतिमा सहित अन्य कार्यों का भी लोकार्पण किया है। अन्य जिलों में भी पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की प्रतिमा तैयार की जा रही है।

भाजपा अटल युग को लोगों को याद दिला रही

अटल प्रतिमा स्थापना के बारे में कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह कदम न केवल अटल बिहारी वाजपेयी की लोकप्रियता को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि प्रदेश की राजनीति में वैचारिक प्रतीकवाद के नए दौर की शुरुआत भी करेगा। कांग्रेस जहां गांधी परिवार की विरासत पर गर्व जताती है, वहीं भाजपा अब अटल युग को अपना राजनीतिक चेहरा बना रही है।