भीलवाड़ा। राजस्थान में लव जिहाद, धर्म परिवर्तन जैसी घटनाएं होती थीं। बहला-फुसला बहन-बेटियों को ले जाया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने धर्म परिवर्तन को लेकर कानून बनाया। कानून के तहत कोई जबरन धर्म परिवर्तन करवाता है तो पहले तो वह कर नहीं सकेगा, अगर करता है तो बच नहीं पाएगा।
यह बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगर निगम सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर में पट्टा व चेक वितरण के दौरान कहीं। इसके बाद सीएम ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर फ्लाइंग स्कूल का शुभारम्भ किया।
शहरी सेवा शिविर का अवलोकन करने के बाद सीएम शर्मा ने कहा कि हिंदुस्तान दुनिया के मानचित्र पर एक नई पहचान बना रहा है। भारत की तस्वीर बदल रही है। हमारी जीडीपी ग्रोथ रेट, हमारी डिजिटल इकोनॉमी, हमारा स्टार्टअप, इकोसिस्टम सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। विदेशी कंपनियां हमारे यहां आकर व्यापार करना चाहती हैं क्योंकि उन्हें भरोसा है कि यहां का माहौल व्यापार और विकास के अनुकूल है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस शासन में किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं उपेक्षित थे। लेकिन भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाकर और किसानों को सम्मान देकर परिवर्तन का संदेश दिया है। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद दामोदर अग्रवाल तथा निगम महापौर राकेश पाठक ने सम्बोधित किया।
सीएम ने गर्भवती महिला को पोषक आहार का पैकेट भेंट किया। एक बालिका को स्वर्णप्राशन की खुराक दी। एक नन्हें बालक से केक कटवाया और उसे अपने हाथों से खिलाया। सीएम ने हमीरगढ़ नगर पालिका में भी शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
Published on:
24 Sept 2025 08:24 am