बरेली। प्रदेश के सिंचाई एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून का राज है। घटनाएं होती हैं, लेकिन कानून निष्पक्ष है और अपराधियों को सजा मिलती है। यह सपा का शासन नहीं है जब मथुरा, बरेली, मुरादाबाद और रामपुर में हत्या हो जाती थी और आजम खां के फोन पर दरोगा घटनास्थल से बैरंग लौट जाता था।
दिशा पाटनी के आवास पर हुई फायरिंग और उसके बाद शूटरों के एनकाउंटर पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि भाजपा की सख्त कानून व्यवस्था ही उसकी पहचान है। योगी सरकार में अपराधियों को दंड और पीड़ित को न्याय मिलता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज कोई यह नहीं कह सकता कि थाना खाली कर दो, मैं थाना चलाऊंगा।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा शासन में चाहे पंचायत चुनाव हों या विधानसभा व लोकसभा चुनाव, पुलिस दबंगई करती थी। लेकिन भाजपा शासन में “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति के साथ काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में आठ लाख से ज्यादा नियुक्तियां हुई हैं और कोई यह नहीं कह सकता कि इसमें भ्रष्टाचार या जातिवाद हुआ है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ही हमेशा लूट और भ्रष्टाचार करती रही है। भाजपा सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था दे रही है, इसी वजह से विपक्षी दलों के नेताओं को पसीना छूट रहा है।
संबंधित विषय:
Published on:
18 Sept 2025 08:22 pm