
बालोद जिले में आधी-अधूरी तैयारी के बीच शनिवार से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की शुरुआत की गई। धान खरीदी के पहले दिन शनिवार को जिले के 143 धान खरीदी केंद्रों में से मात्र 39 धान खरीदी केंद्रों में 9655.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई। वहीं 104 धान खरीदी केंद्रों में तो बोहनी तक नहीं हुई। सेवा सहकारी समिति कर्मचारियों के हड़ताल का असर भी देखने को मिला। धान खरीदी में अव्यवस्था न हो इसलिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी करने का दावा किया लेकिन यहां तैयारियों की पोल खुल गई।
धान खरीदी के पहले दिन जिन किसानों ने धान बेचने टोकन लिया था। वह धान खरीदी केंद्र तो पहुंचे लेकिन खरीदी केंद्र में कोई अधिकारी ही नहीं थे। ऐसा ही मामला जिले के सांकरा धान खरीदी केंद्र में देखने को मिला। यहां लगभग 11 बजे करीब पटवारी व प्राधिकृत अध्यक्ष ही आए थे। वहीं अन्य कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। वे सभी गायब थे। कहा जाए तो धान खरीदी का पहला दिन अव्यवस्थाओं के बीच गुजरा।
यह भी पढ़ें :
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार धान खरीदी की शुरुआत पूजा पाठ कर की गई। सोमवार को धान बेचने के लिए 111 समितियों से 633 किसानों ने 31 हजार 469 क्विंटल धान बेचने टोकन लिया है। वहीं कई किसानों को ऑनलाइन टोकन लेने में परेशानी हो रही है।
धान खरीदी में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। मामले में छत्तीसगढ़ स्नातक कृषि अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष नवल किशोर साहू ने कहा कि उन्हें इस तरह के कार्यों में लगाना यह खेद का विषय है। हम समस्त कर्मचारियों को इस कार्य से मुक्त रखा जाए। वहीं शनिवार को भी कई धान खरीदी केंद्रों में कृषि विस्तार अधिकारी नहीं आए।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य में लापरवाही बरते जाने पर जिले के दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नवल किशोर साहू एवं रवि वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कमल किशोर साहू गुरुर विकासखंड के मुख्यालय कुलिया एवं रवि वर्मा गुण्डरदेही विकासखंड के मुख्यालय ओडारसकरी में पदस्थ हैं। इन दोनों अधिकारियों को 14 नवंबर को 11 बजे तथा शाम 6 बजे आयोजित प्रशिक्षण उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन दोनों अधिकारी धान खरीदी कार्य के लिए आयोजित प्रशिक्षण में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने इन दोनों अधिकारियों के कृत्य को अपने कार्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ज्ञातव्य हो कि राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य को अतिआवश्यक सेवा में शामिल करते हुए एस्मा लागू किया गया है।
यह भी पढ़ें :
ग्राम सांकरा धान खरीदी केंद्र में धान बेचने आए किसान दयाराम ने कहा समझ नहीं आता आखिर क्योंकि किसानों को हर साल परेशान किया जाता है. कभी तो किसानों को राहत दें। सुबह से धान खरीदी केंद्र आए लेकिन यहां कोई नहीं था। यहां जिसे जिम्मेदारी दी गई वह भी हाथ खड़े कर दिए थे। पटवारी व प्राधिकृत अध्यक्ष ही थे काफी देर बाद धान खाली कराया गया। उन्होने कहा खरीदी केंद्रों में खरीदी की तैयारी पहले कर लेनी चाहिए।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बालोद के जिला नोडल अधिकारी चिंताराम रावटे ने कहा कि जिले के धान खरीदी केंद्रों में शांतिपूर्वक धान की खरीदी की गई। पहले दिन 39 धान खरीदी केंद्रों में 9655 क्विंटल धान किसानों से खऱीदा गया। सोमवार से धान खरीदी में तेजी आएगी। धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई भी किया जा रहा है।
संबंधित विषय:
Updated on:
15 Nov 2025 11:41 pm
Published on:
15 Nov 2025 11:39 pm

