Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

CG News: जेल की सुरक्षा कमजोर, सोलर करंट भी खराब, 2022 की घटना से अधिकारियों ने नहीं लिया अब तक सबक

CG News: सोलर करंट लगाने की योजना कागजों में ही बन रही है। यहां बनाए गए निगरानी टॉवर भी शो-पीस बनकर रह गए हैं। इस लापरवाही से कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।

बालोद

Love Sonkar

Nov 07, 2025

CG News: जेल की सुरक्षा कमजोर, सोलर करंट भी खराब, 2022 की घटना से अधिकारियों ने नहीं लिया अब तक सबक
जिला जेल बालोद (photo Patrika )

CG News: बालोद जिला जेल की दीवार जिम्मेदार अधिकारियों के ही लापरवाही से कमजोर है। तीन साल पहले 2022 नवंबर में जेल से दो कैदी दीवार फांद कर भाग गए थे। इस घटना से जेल विभाग ने कोई सबक नहीं लिया है। सुरक्षा के लिए जिला जेल की दीवारों पर लगाया गया सोलर करंट भी तीन साल से खराब है। इस सिस्टम को बनाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सोलर करंट लगाने की योजना कागजों में ही बन रही है। यहां बनाए गए निगरानी टॉवर भी शो-पीस बनकर रह गए हैं। इस लापरवाही से कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।

सोलर झटका सिस्टम की गारंटी खत्म, नहीं बन पाएगा सिस्टम

जिला क्रेडा विभाग से जानकारी लेने पर पता चला कि जिला जेल में जो सोलर झटका सिस्टम लगा हुआ है, वह दस साल से भी ज्यादा पुराना है। वह खराब हालत में है। उसे सुधारने पर भी नहीं सुधारा जा सकता। नया सिस्टम ही लगाना पड़ेगा। जेल विभाग नया सिस्टम लगाने डिमांड राशि जमा करता है तो क्रेडा विभाग को लगाने में कोई आपत्ति नहीं है।

26 नवंबर 2022 को भागे थे दो कैदी

जिला जेल की दीवार फांद कर दो कैदी भागे थे। हालांकि कुछ दिन बाद दोनों कैदी पुलिस के गिरफ्त में आ गए। इस घटना से जिला जेल प्रभारियों एवं अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई थी। 2017 में भी दो कैदी दीवार फांद कर फरार हो गए थे। इस घटना को देखते हुए जिला जेल की दीवारों पर सोलर करंट लगाया गया था, जो खराब हो चुका है।

रुपए लेने की भी शिकायत

कुछ साल पहले जिला जेल में तैनात कुछ जेल प्रहरी के कैदी से मिलने आने वालों से रुपए लेने की भी बातें सामने आई थी, जिसकी जांच भी हुई थी। इस मामले पर रोक लगाने जिला जेल की दीवारों पर स्पष्ट लिखा गया है कि यहां कैदियों से मिलने के लिए किसी को रुपए न दें। कोई रुपए की मांग करता है तो इसकी शिकायत करें। फिर भी यहां निगरानी की जरूरत है।

जिला जेल की दीवार पर लगाया गया सोलर झटका खराब है। हमने उच्चअधिकारी को इसकी जानकारी दे दी है। उच्चकार्यालय के आदेशानुसार आगे कार्य किया जाएगा। रही बात कैदियों की निगरानी की तो सभी कैदियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। जिला जेल में निगरानी के लिए भी पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

शत्रुघ्न कुमार कुर्रेउप जेलर, जिला जेल बालोद

जिला जेल का सोलर झटका सिस्टम खराब होने की जानकारी जेल विभाग ने दी थी। सिस्टम दस साल से भी ज्यादा पुराना है। अब इसका मेंटेनेंस नहीं हो सकता है। नया लगाना ही पड़ेगा। जेल विभाग डिमांड राशि दे दे तो नया सिस्टम लगा सकते हैं।

प्रदीप माहेश्वरीजिला प्रभारी क्रेडा अधिकारी, बालोद