Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

सिंगल क्लिक से 69272 किसानों के खाते में 337.12 करोड़ हुआ अंतरित

गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए मिशन मोड पर सरकार राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन

गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए मिशन मोड पर सरकार राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन
गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए मिशन मोड पर सरकार राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन

बालाघाट. हमारी सरकार किसानों के बारे में सोचती है। उनका ध्यान रखती है। हमारी विकास नीतियों के मूल में किसान ही हैं। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए हम मिशन मोड पर आगे बढ़ रहे हैं। किसानों को उनके हर वाजिब हक के साथ-साथ हमारी सरकार किसान सम्मान निधि भी दे रही है। यह निधि किसानों के प्रति हमारे सम्मान की अभिव्यक्ति है। किसानों के कल्याण और इनकी समृद्धि के लिए हमारी सरकार कोई कसर नहीं रखेगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। वे बुधवार को कृषि उपज मंडी परिसर कटंगी में राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं और सोयाबीन पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त बोनस राशि भी दी जाएगी।

इसके पूर्व उन्होंने प्रदेश के छह लाख 69 हजार 272 धान उत्पादक किसानों के खाते में 337 करोड़ 12 लाख रुपए की प्रोत्साहन (बोनस) राशि सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री ने पूर्व घोषणा के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान उपार्जित करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर चार हजार रुपए बोनस दिए हैं।

एक हजार युवतियां बेंगलुरु में करेंगी नौकरी

जिले में रोजगार महोत्सव के जरिए चुने गए 3700 से अधिक युवाओं को प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में नौकरी मिली है। सभी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नियुक्ति पत्र दिए। इन चयनितों में एक हजार युवतियां शामिल हैं, जिन्हें बेंगलुरु की निजी कंपनियों में नियुक्ति दी जा रही है।

245 करोड़ रुपए से 78 कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले में करीब 245 करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्न प्रकार के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 39 करोड़ रूपए लागत से बालाघाट में सरेखा आर.ओ.बी. एवं परसवाड़ा में 31 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण शामिल है।

कटंगी को सौगात

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि कटंगी में नया सामुदायिक अस्पताल बनाया जाएगा। हाईस्कूल को हायर सेकेंड्री स्कूल में प्रोन्नत किया जाएगा। कटंगी से सिवनी राजमार्ग पर नया सेतु बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के किसानों की बड़ी समस्या का निदान करते हुए घोषणा किया कि पेंच नेशनल पार्क की परिधि क्षेत्र से लगे खेतों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर सोलर फेंसिंग कराई जाएगी। कहा कि राजीव सागर सिंचाई परियोजना से नहलेसरा बांध को इंटरलिंक कराने के लिए परीक्षण कराकर कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी।

मृतकों के परिजनों को मिलेगी शेष राशि

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जंगली जानवरों के हमले में जान गंवाने वालों क्षेत्र के पांच मृतक सुखराम, श्रीप्रकाश, अनिल, मंगरू एवं सेवकराम के परिजन को अभी आठ-आठ लाख रुपए मुआवजा मिला है। सभी को मुआवजे की शेष राशि के रूप में 17-17 लाख रुपए देने की घोषणा की। सभी मृतकों के परिजन को 25-25 लाख रुपए मुआवजा मिलना है।

31 मार्च 2026 को लाल सलाम को आखिरी सलाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब बालाघाट आने से लोग कतराते थे। लेकिन बालाघाट ने विकास का लंबा रास्ता तय किया है। आज प्रदेश के विकास की अहम धुरी बालाघाट बन चुका है। यहां के किसानों और जवानों ने अपने परिश्रम से क्षेत्र का माहौल बदला है। जीआई टैग वाले चिन्नौर के चावल की खुशबू दूर-दूर तक फैली है। रोजगार के अभाव में बालाघाट के कुछ युवा पथ भ्रमित हो गए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल उन्मूलन के लिए 31 मार्च 2026 की तारीख तय की है। यह तारीख लाल सलाम को आखिरी सलाम...। कहा कि नक्सल प्रभावित गांवों के 850 जवानों को नियुक्ति पत्र दिए हैं। अब यहीं के युवा यहीं पर प्रशिक्षण लेकर अपने गांव, कस्बे, जल, जंगल, जमीन और वन्यप्राणियों की रक्षा करेंगे। हमारी सरकार अपने सभी संकल्पों को पूरा करते हुए तेजी से आगे बढ़ रही है।

भाईदूज से हर माह बहनों को 1500 रुपए

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सम्मान निधि के साथ-साथ प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने लाड़ली बहनों से किया वादा भी निभाया है। रक्षाबंधन पर उन्हें 1500 रुपए दिए। अब दीपावली की भाईदूज से हर माह 1500 रुपए देंगे। हम धीरे-धीरे यह राशि बढ़ाकर 3000 रुपए कर देंगे।