जिम्मेदारों की मनमानी और अदूरदर्शीता से सरकारी राशि की किस तरह से बर्बाद होती है, लालबर्रा जनपद क्षेत्र में देखा जा सकता है। दरअसल जनपद क्षेत्र के साल्हे चिचगांव रोड पर पनबिहरी में ग्रामीण खेलकूद मैदान (स्टेडियम) का निर्माण सन 2016 में किया गया था। लेकिन निर्माण के बाद ही इस मैदान में कोई भी खेल गतिविधियां नहीं हो पाई हैं। कोई खिलाड़ी भी यहां अभ्यास करने नहीं पहुंचता है। वर्तमान में बिना उपयोग के ही यह स्टेडियम उजाड़ होकर अपनी दुर्दशा पर आंसू बहाता नजर आता है।
जानकारी के अनुसार शासन की परफार्मेंस ग्रांट योजना मद की 80 लाख रुपए की लागत से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बालाघाट ने ठेकेदार के माध्यम से इस स्टेडियम का निर्माण करवाया है। वर्तमान में यहां घास व झाडिय़ां ऊग आई है। स्थिति वर्तमान में बद से बद्तर हो गई है। इस ओर अब तक किसी भी जिम्मेदार ने ध्यान नहीं दिया है।
स्थानीय गणमान्यों के अनुसार लालबर्रा क्षेत्र में खेल मैदानों की कमी है। ऐसा एक भी मैदान नहीं था, जहां ब्लॉक स्तर की खेल गतिविधियां की जा सकें। खेल में रूची रखने वाले बच्चों को भी मैदान की कमी खला करती थी। इसी के मद्देनजर बच्चों के खेलकूद की प्रतिभा को निखारने और खिलाडिय़ों का अपने खेल का अभ्यास करने के उद्देश्य से इस स्टेडियम का निर्माण करवाया गया। लेकिन अपने उद्देश्य के अनुरूप स्टेडिम काम नहीं रहा है। काफी देरी होने के कारण खिलाड़ी और बच्चे इस मैदान में खेलने रूचि नहीं दिखा रहे हैं।
स्थानीय पूर्व खिलाड़ी नवीन यादव, मनोज यादव राजेश ठकरेले, दिनेश सहित अन्य बताया कि शासन प्रशासन को यदि मैदान बनाना ही था कि नगर मुख्यालय के नजदीक बनाया जाना चाहिए था। ताकि छोटे बच्चे से लेकर महिला व पुरुष खिलाड़ी भी आसानी से इस मैदान तक पहुंच सकें। लेकिन यह मुख्यालय न बनाकर पनबिहरी में बना दिया है। यहां से स्कूल, कॉलेज का दूरी काफी अधिक है। कारण यहीं है कि इस मैदान में आना कोई पसंद नहीं करता है। शासन की 80 लाख की राशि बर्बाद होती नजर आती है।
नगर के प्रबुद्धजनों की माने तो इस मैदान का जीर्णोद्वार कराकर इसे सुरक्षित किया जाना चाहिए। यदि उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा वाले स्थान पर सांदीपनी स्कूल भवन का निर्माण भविष्य में हो जाता है, तो उक्त स्थान पर खेलकूद के लिए जगह नहीं बचेगी। इस दौरान पनबिहरी के ग्रामीण खेलकूद मैदान को खेलकूद के लिए उपयोग किया जा सकता है। यहां पर खेलकूद के अलावा अन्य आयोजन व कार्यक्रम कराए जा सकते हैं।
इनका कहना है .
पनबिहरी में बनाया गया स्टेडियम सरकार की 80 लाख की राशि को बर्बाद का जीता जागकता उदाहरण है। स्कूल जर्जर है, सडक़े चलने लायक नहीं बची है। नालियों का अभाव है ऐसी दशा में इतनी बड़ी रकम फिजूल में खर्च कर दी है। अब स्टेडियम बनाया गया तो उसका सदुपयोग भी किया जाना चाहिए।
मनीष कुशवाहा, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष
स्टेडियम के जीर्णोद्वार और रखाव किए जाने को लेकर हमारे द्वारा शिक्षा विभाग और जनपद स्तर में बात की जाएगी। वर्ष भर में होने वाली खेल गतिविधियां स्टेडियम में की जाए ऐसे प्रयास किए जाएंगे।
प्रसन्न अवधिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष लालबर्रा।
Published on:
16 Sept 2025 11:41 am