Patrika Logo
Switch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

प्लस

प्लस

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

ना पोल शिफ्ट हुए ना हटा अतिक्रमण, डायवर्सन मार्ग को लेकर भी ठंडे बस्ते में मामला

38 करोड़ के भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण का मामला- इधर निर्माण कंपनी ने खड़े कर दिए चार पिलर प्रभावित हो रहा बालाघाट से नैनपुर हाइवे पर यातायात ब्रिज निर्माण की गति चल रही धीमी, आवागमन की सडक़ तक नहीं हुई निर्धारित

38 करोड़ के भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण का मामला-
38 करोड़ के भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण का मामला-

शहर में भटेरा रेलवे लाइन पर 38 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे 1313 मीटर लंबे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर राहगीरों और चालकों की मुसीबतें बढ़ गई है। ब्रिज निर्माण की गति धीमी होने से इसके नियत समय पर बनाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हंै। प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण और कई बार निर्देश के बावजूद यहां कमियां बनी हुई है। यहां अब तक आवागमन के लिए मार्ग सुनिश्चित नहीं किया जा सका है। बिजली पोल शिफ्टिंग और अतिक्रमण हटाना भी बाकी है। वर्तमान में जिस 400 मीटर की दूरी पर कार्य प्रारंभ किया गया, वहां से आवागमन करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नहीं हट पाए विद्युत पोल व अतिक्रमण

भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ होने के दौरान लग रहा था कि बाधक बनने वाले बिजली पोल और खासकर अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे। लेकिन ऐसा होता दिख नहीं रहा है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग नहीं हो पाई है। विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर सडक़ के किनाने जस का तस लगे हुए हंै। ऐसे में सडक़ का चौड़ीकरण कैसे होगा समझ से बाहर है। इसके अलावा मार्ग के दोनों ओर कच्चे व पक्के 200 से अधिक निर्माण कार्यों को चिन्हित किया गया है। इनमें 114 की ओर से दावे आपत्ति आए हैं। मुआवजा की राशि 20 करोड़ निर्माण एजेंसी सेतु संभाग की ओर से जमा हो गई है। लेकिन यह राशि अब तक प्रभावितों को नहीं मिल पाई है। जागरूकजनों का मानना है कि इन सब कार्यो के किए बगैर निर्माण कार्य में गति नहीं आ सकती है।

नया मार्ग देना आवश्यक

रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान यहां पर नए मार्ग का विकल्प देना भी आवश्यक है। दोपहिया वाहनों को तो जैसे-तैसे निकासी मिल रही है। लेकिन चार पहिया वाहनों के निकासी के लिए नये मार्ग का निर्माण आवश्यक है। लेकिन इस मार्ग पर अन्य कोई मार्ग नहीं है। वर्तमान में आवागमन का दबाव बढ़ा हुआ है और इस दबाव के बीच कुछ देर भी आवागमन बाधित होता है तो घंटों जाम लग रहा है। इस मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक बड़े स्कूल, कॉलेज और खासकर शादी लॉन होने से दोपहर लेकर देर रात तक कई बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।

निर्देश पर नहीं हो रहा अमल

भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। लेकिन इन निर्देशों का जरा भी पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है। यही कारण है कि भटेरा ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को गति नहीं मिल रही है। ओवर ब्रिज के कार्य के कारण कईयों के धंधें चौपट होने की स्थिति में है। कारोबारियों का कहना है कि यह कार्य जितनी तेज गति से होगें, उतना ही सभी के लिए राहत की विषय बनेगा। बावजूद इसके कार्य में तेजी और गंभीरता नहीं लाई जा रही है।
वर्सन
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में समय समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं बनाई जा रही है। आवागमन को लेकर भी व्यवस्था बनाई जा रही है। नियत समय पर कार्य पूर्ण हो इसके लिए प्रयास जारी है।
गोपाल सोनी, एसडीएम